इजराइल में बॉलीवुड अभिनेत्री मधुरा नाइक के बहन-बहनोई की हत्या, हमास आतंकियों ने बच्चों के सामने ली जान
इजराइल पर हमास के हमले और उसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में अब तक 1500 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। इस युद्ध का प्रभाव भारतीय लोगों पर भी पड़ा है। इसमें टीवी एक्ट्रेस मधुरा नाइक के परिवार के सदस्यों की भी मौत हो गई है।
टेलीविजन अभिनेत्री मधुरा नाइक ने सोशल मीडिया पर बताया है कि उनकी चचेरी बहन और बहनोई की इजरायल में हमास आतंकवादियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर हमले की दिल दहला देने वाली जानकारी साझा की है।

मधुरा ने कहा कि उनकी बहन और बहनोई को इजराइल में उनके बच्चों की आंखों के सामने मार दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि वहां पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को निशाना बनाया गया और उनकी हत्या कर दी गई।
अभिनेत्री मधुरा नाइक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी चचेरी बहन ओदाया और उनके पति के साथ उनके बच्चों की तस्वीर भी साझा की। उन्होंने लिखा, "ओदाया, मेरी बहन और उसके पति की फिलिस्तीनी आतंकवादियों ने उनके बच्चों के सामने बेरहमी से हत्या कर दी, आज (रविवार) मृत पाए गए।"
अभिनेत्री ने आगे कहा, "कृपया इस कठिनाई के समय में हमारे और इजराइल के लोगों के साथ खड़े रहें। अब समय आ गया है कि लोग इन आतंकवादियों की वास्तविकता को देखें और देखें कि वे कितने निष्ठुर हो सकते हैं।" मधुरा ने कहा कि वह भारत में जन्मी यहूदी हैं। भारत में उनकी संख्या सिर्फ 3000 हैं।
अपने चचेरे भाई की कहानी साझा करने के बाद, मधुरा ने यह भी बताया कि कैसे वह अपनी बहन के बारे में पोस्ट डालने के बाद उस पर आई नफरत की बाढ़ को देखकर हैरान थी।
मधुरा ने कहा, "हमने अपने परिवार में से एक बेटी और बेटे को खो दिया। मेरी बहन ओडाया और उसके पति को मार दिया गया, वो भी उनके दो बच्चों के सामने। जो दुख और तकलीफ मेरी फैमिली इस समय फेस कर रही है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है।"
उन्होंने कहा, "यहूदी होने के कारण उन्हें शर्मिंदा किया गया, अपमानित किया गया और निशाना बनाया गया। मैं हर किसी को बताना चाहूंगी कि फिलिस्तीन समर्थक अरब प्रचार, जो इजरायलियों को निर्दयी हत्यारों की तरह दिखाता है, सच नहीं है।"
अभिनेत्री ने कहा कि वह किसी भी तरह की हिंसा का समर्थन नहीं करती हैं। उन्होंने सभी से इजराइल के लोगों और पीड़ितों के परिवारों के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया।
आपको बता दें कि अभिनेत्री मधुरा की परवरिश बहरीन में हुई है। मधुरा ने 'अंबर धरा', 'सपना बाबुल का बिदाई', 'किस देश में है मेरा दिल', 'भास्कर भारती', 'शकुंतला', 'दिल मिल गए', 'नागिन' और 'प्यार की ये एक कहानी' के अलावा दर्जनों टीवी शोज किए हैं। इंदौर की रहने वाली मधुरा नायक ने साल 2007 में फिल्म 'गुड बॉय, बैड बॉय' से डेब्यू किया था।












Click it and Unblock the Notifications