Imran Khan: '15 मिनट में आकर बताएं, क्यों किया इमरान को गिरफ्तार', हाईकोर्ट ने शहबाज सरकार से सख्ती से पूछा
इमरान खान को गिरफ्तार करने की पहले भी कई कोशिशें की गईं थीं, लेकिन अब तक वो गिरफ्तारी से बचने में कामयाब हुए थे, लेकिन आज अचानक उनकी गिरफ्तारी की गई, जब किसी को इसका अंदाजा तक नहीं था।

Imran Khan News: इमरान खान की गिरफ्तारी को लेकर इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने काफी सख्ती दिखाई है और शहबाज शरीफ की सरकार को 15 मिनट में इमरान खान की गिरफ्तारी की वजह बताने के लिए कहा है।
आज पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को इस्लामाबाद हाईकोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें इस्लामाबाद हाईकोर्ट से पाकिस्तानी रेंजर्स ने उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वो कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचे थे और कोर्ट के अंदर अपने अंगूठे का बायोमैट्रिक निशान दे रहे थे।
इमरान खान को इस्लामाबाद कोर्ट में जज के सामने पेश होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके बाद कोर्ट ने पाकिस्तान आंतरिक मंत्रालय के सचिव को 15 मिनट में कोर्ट में पेश होकर इमरान खान की गिरफ्तारी पर जवाब देने के लए कहा है।
वहीं, गिरफ्तारी के बाद इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी की तरफ से उनका एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा है, कि उनकी गिरफ्तारी से साफ हो गया है, कि पाकिस्तान में लोकतंत्र दफ्न हो गया है।
हाईकोर्ट ने 15 मिनट का दिया वक्त
इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश आमेर फारूक ने इमरान खान की गिरफ्तारी के 15 मिनट के भीतर आंतरिक मंत्री सचिव और इस्लामाबाद पुलिस प्रमुख को अदालत में पेश होने का आदेश दिया। पाकिस्तान के दैनिक डॉन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस फारूक ने कहा, 'अदालत आइए और हमें बताइए कि इमरान को क्यों और किस मामले में गिरफ्तार किया गया है?'
डॉन के मुताबिक, इस्लामाबाद हाईकोर्ट के जज फारूक ने कहा, कि वह "संयम" दिखा रहे हैं और चेतावनी दी है, कि अगर इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख अदालत के सामने पेश नहीं हुए, तो वह प्रधानमंत्री को कोर्ट में बुला लेंगे।
वीडियो देखने के बाद पता चलता है, कि इमरान खान को पहले से ही अंदाजा था, कि उन्हें आज गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वीडियो में इमरान खान, लोगों से आजादी के लिए सड़कों पर आने की अपील कर रहे हैं।
वहीं, बैरिस्टर गोहर खान, जो पीटीआई प्रमुख की गिरफ्तारी के दौरान इस्लामाबाद हाईकोर्ट में थे, ने आरोप लगाया है, कि इमरान खान को "प्रताड़ित" किया गया है, उनके साथ मारपीट की गई है। उन्होंने डॉन डॉट कॉम को बताया, कि "उन्होंने इमरान के सिर और पैर पर वार किए हैं।"
उन्होंने दावा किया कि रेंजर्स ने पूर्व प्रधानमंत्री को गिरफ्तार कर लिया है। गौहर ने आगे कहा, कि गिरफ्तारी के दौरान पीटीआई अध्यक्ष की व्हीलचेयर को भी एक तरफ फेंक दिया गया था।
इमरान की पार्टी आगे क्या करेगी?
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी ने मंगलवार को पीटीआई प्रमुख इमरान खान की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है, वहीं देश के कई हिस्सों से विरोध प्रदर्शन की भी खबरें आ रही हैं।
पीटीआई के आधिकारिक हैंडल से किए गए एक ट्वीट के मुताबिक, शाह महमूद कुरैशी ने कहा, कि 'तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष की गिरफ्तारी पूरी तरह अनुचित और अस्वीकार्य है।' कुरैशी ने कहा, कि इमरान खान को हिरासत में लेना, इस्लामाबाद उच्च न्यायालय पर धावा बोलना और वकीलों का अपमान करना, "फासीवाद और निंदनीय है।"
Recommended Video

कुरैशी ने ट्वीट के मुताबिक, "पूरा देश अध्यक्ष के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंतित है।" ट्वीट अपडेट में कहा गया है, कि वह खान की गिरफ्तारी के खिलाफ शांतिपूर्ण, लेकिन बहुत प्रभावी विरोध भी करेंगे।
वहीं, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के महासचिव असद उमर ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए कहा, कि पीटीआई के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी की अध्यक्षता वाली छह सदस्यीय समिति आगे की कार्रवाई तय करेगी। ट्वीट में कहा गया है, कि 'हाई कोर्ट पर हमले के बाद पाकिस्तान का सबसे बड़ा राजनीतिक नेता गिरफ्तार। पूरी दुनिया को दिखाया जा रहा है कि देश में कोई कानून नहीं बचा है।'
वहीं, पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह खान ने ट्विटर पर लिखा है, कि इमरान खान कई नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अदालत में पेश नहीं हुए। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, कि "एनएबी ने उन्हें राष्ट्रीय खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उनके साथ कोई हिंसा नहीं की गई।"












Click it and Unblock the Notifications