Donald Trump: क्या डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश में ईरान का हाथ है? नई खुफिया जानकारियों ने बढ़ाई चिंता
Trump assassination attempt: क्या डोनाल्ड ट्रंप पर हुए जानलेवा हमले के पीछे ईरान ने साजिश रची थी? अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, हाल ही में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश को लेकर बड़ी जानकारी ये है, कि हमले से कुछ हफ्तों पहले बाइडेन प्रशासन को ईरान को लेकर सूचनाएं दी गई थीं।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के हवाले से अब यह बात सामने आई है, कि बाइडेन प्रशासन ने हाल के हफ्तों में रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की ईरानी साजिश के बारे में खुफिया जानकारी प्राप्त की थी, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस ने उनके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी।

हालांकि, अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं है, जो शूटर को कथित ईरानी साजिश से जोड़ता हो।
CNN ने एक अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया है, कि सीक्रेट सर्विस और ट्रम्प चुनाव कैम्पेन को पेंसिल्वेनिया में शनिवार की रैली से पहले ईरानी खतरे के बारे में पता चल गया था, जिसमें ट्रम्प बाल-बाल बच गए थे। डोनाल्ड ट्रंप पर चलाई गई गोली उनके कान को छेदती हुई निकल गई थी और सिर्फ 2 सेंटीमीटर से उनकी जान बच गई थी। हालांकि, अब तक के सभी सबूत बताते हैं, कि बंदूकधारी, 20 साल का थॉमस मैथ्यू क्रुक्स ने अकेले ही इस काम को अंजाम दिया था।
अमेरिकी अधिकारी ने सीएनएन को बताया है, कि "NSC ने वरिष्ठ स्तर पर USSS से सीधे संपर्क किया है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके, कि वे नवीनतम रिपोर्टिंग को ट्रैक करना जारी रखा जाए। USSS ने इस जानकारी को विस्तृत नेतृत्व के साथ साझा किया है, और ट्रम्प टीम को एक उभरते खतरे के बारे में जानकारी दी गई है। बढ़ते खतरे के जवाब में, सीक्रेट सर्विस ने पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प की सुरक्षा को और ज्यादा बढ़ा दिया है।"
सीक्रेट सर्विस और ट्रम्प के अभियान को रैली के दौरान खतरे के बारे में पता था। इस जानकारी के बावजूद, सवाल बने हुए हैं कि क्रूक्स को डोनाल्ड ट्रंप के कार्यक्रम की बारीकियों के बारे में कैसे पता चला? हालांकि, अभी तक ट्रंप की चुनाव अभियान टीन ने यह नहीं बताया है, कि उन्हें ईरानी खतरे के बारे में जानकारी दी गई थी या नहीं?
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के मिशन ने इन रिपोर्टों को "निराधार और दुर्भावनापूर्ण" बताया है।
आपको बता दें, कि जब डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति थे, तो उनके आदेश पर ही ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख जनरल कासिम सुलेमानी की हत्या के आदेश दिए थे, जो ईरान के लिए बहुत बड़ा झटका था और इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से अपनी जान को खतरा बताया था।
सीक्रेट सर्विस अभी तक नहीं बता पाई है, कि ईरानी हमले की खतरे की आशंकाओं के बाद भी एक बंदूकधारी को पूर्व राष्ट्रपति के 150 मीटर के भीतर कैसे आने दिया गया और कैसे 20 साल का एक युवक, पास की छत तक पहुंचने में कामयाब रहा। लिहाजा, सीक्रेट सर्विस के अधिकारी गंभीर सवालों के घेरे में हैं और उनकी लापरवाही पर सवाल उठ रही है, क्योंकि आस-पास के लोगों ने एक व्यक्ति को राइफल के साथ छत पर जाते हुए देखा था और अधिकारियों को सतर्क भी किया था, फिर भी अधिकारियों ने उस शख्स को रोकने की कोशिश नहीं की।

ईरान और ट्रम्प के अभियान ने इस पर क्या प्रतिक्रिया दी?
इस मामले से परिचित लोगों के मुताबिक, यूएस सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने ट्रम्प अभियान को बार-बार बाहरी रैलियां आयोजित करने के खिलाफ चेतावनी दी है। ट्रंप टीम को इनडोर कार्यक्रम आयोजित करने की सलाह दी गई है।
यूएस सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिल्मी ने कहा, कि "सीक्रेट सर्विस और अन्य एजेंसियां लगातार नए संभावित खतरे की जानकारी प्राप्त कर रही हैं और आवश्यकतानुसार संसाधनों को समायोजित करने के लिए कार्रवाई कर रही हैं।"
जबकि, ट्रंप टीम ने एक बयान में कहा है, कि "हम पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प के सुरक्षा विवरण पर टिप्पणी नहीं करते हैं। सभी प्रश्न यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस को निर्देशित किए जाने चाहिए।" एक सूत्र ने एनबीसी न्यूज को बताया है, कि अभियान को किसी ईरानी व्यक्ति या समूह से किसी विशेष खतरे के बारे में नहीं बताया गया था।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र में ईरान के मिशन ने ट्रम्प की हत्या की ईरानी साजिश की रिपोर्टों को "निराधार और दुर्भावनापूर्ण" बताकर खारिज कर दिया है। मिशन के प्रवक्ता ने CNN को बताया, कि "ट्रंप एक अपराधी हैं, जिन पर जनरल सुलेमानी की हत्या का आदेश देने के लिए मुकदमा चलाया जाना चाहिए और उन्हें कानून की अदालत में दंडित किया जाना चाहिए। ईरान ने उन्हें न्याय के कटघरे में लाने के लिए कानूनी रास्ता चुना है।"
अमेरिका और ईरान के बीच संबंध तब और तनावपूर्ण हो गए थे, जब ट्रम्प ने 2020 में ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के कुद्स फोर्स का नेतृत्व करने वाले सुलेमानी की हत्या का आदेश दिया था। द गार्जियन के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर बाद में दोस्तों से कहा था, कि उन्हें डर है, कि ईरान बदला लेने के लिए उनकी हत्या करने की कोशिश करेगा।
जब सुलेमानी की हत्या के साथ संबंधों के बारे में पूछा गया, तो ईरान के कार्यवाहक विदेश मंत्री अली बाघेरी कानी ने जोर देकर कहा, कि तेहरान "सुलेमानी की हत्या के आरोपी को कटघरे में लाने" के लिए घरेलू स्तर और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कानूनी और न्यायिक प्रक्रियाओं और रूपरेखाओं का इस्तेमाल करेगा। ईरान ने बार-बार सैन्य जनरल की हत्या का बदला लेने की कसम खाई है। अगस्त 2022 में, अमेरिकी न्याय विभाग ने जॉन बोल्टन की हत्या की साजिश रचने के आरोप में IRGC के एक सदस्य के खिलाफ आपराधिक आरोपों की घोषणा की थी, जो ट्रम्प के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में कार्यरत थे।












Click it and Unblock the Notifications