Israel Iran War: अब अजरबैजान पर किया ईरान ने हमला, इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बनाया निशाना, बड़ा नुकसान- VIDEO
Israel Iran War: इजरायल-ईरान की जंग अब बेलगाम होती जा रही है। खाड़ी के 8 दूसरे देशों में हमला करने के बाद अब ईरान ने अज़रबैजान के नखचिवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया है। समाचार एजेंसी Reuters ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरान की दिशा से दागी गईं मिसाइलें और ड्रोन अज़रबैजान के क्षेत्र में गिरे। इस हमले में दो नागरिक घायल हो गए और हवाई अड्डे पर आग लग गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
टर्मिनल बिल्डिंग और स्कूल के पास गिरा ड्रोन
अधिकारियों ने एक बयान जारी कर बताया कि एक ड्रोन नखचिवन स्वायत्त गणराज्य के हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन में गिरा। वहीं दूसरा ड्रोन शाकराबाद गांव में एक स्कूल बिल्डिंग के पास गिरा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

अज़रबैजान सरकार ने ईरान की कड़ी निंदा की
अज़रबैजान के अधिकारियों ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के क्षेत्र से किए गए इन ड्रोन हमलों के कारण हवाई अड्डे की इमारत को नुकसान पहुंचा और दो नागरिक घायल हो गए। सरकार ने कहा कि अज़रबैजान के क्षेत्र पर किया गया यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानून के नियमों और सिद्धांतों के खिलाफ है और इससे पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता है।
कितने ड्रोन और मिसाइल गिरे?
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुल कितने मिसाइल और ड्रोन अज़रबैजान के इलाके में गिरे। हालांकि सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में एयरपोर्ट टर्मिनल के पास से काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। नखचिवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट ईरान की सीमा से करीब 10 किलोमीटर यानी लगभग 6 मील दूर स्थित है, इसलिए इस हमले ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।
श्रीलंका की ओर बढ़ रहा दूसरा ईरानी वॉरशिप
इसी बीच गुरुवार को एक और बड़ी खबर सामने आई। एक दूसरा ईरानी वॉरशिप श्रीलंका की समुद्री सीमा की ओर बढ़ता हुआ देखा गया। यह घटना उस समय हुई जब एक दिन पहले एक अमेरिकी पनडुब्बी ने एक ईरानी फ्रिगेट को नष्ट कर दिया था। इस हमले में कम से कम 87 ईरानी नौसैनिकों की मौत हो गई थी, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
मिडिल ईस्ट से बाहर फैलता युद्ध
ईरानी जहाज के डूबने की यह घटना उस बड़े युद्ध का हिस्सा मानी जा रही है, जो अमेरिका और इजरायल के ईरान पर संयुक्त हमले के बाद शुरू हुआ था। इस संघर्ष ने पूरे मिडिल ईस्ट और उससे बाहर के क्षेत्रों में भी तनाव बढ़ा दिया है, जिससे वैश्विक सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गई हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications