इजराइल के लिए जासूसी के आरोप में ईरान ने 4 लोगों को फांसी पर लटकाया, इस्लामिक देश में मौत का तांडव
Iran vs Israel: ईरान ने इजराइल के लिए जासूसी के आरोप में 4 लोगों को फांसी पर लटका दिया है और इसके साथ ही ईरान में खूनी खेल जारी है। ईरान ने आरोप लगाया था, कि ये चारों, इजराइल के खुफिया अभियान से जुड़े थे।
ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट द्वारा अपील खारिज करने के बाद सोमवार को चारों 'दोषियों' को मौत की सजा दे दी गई है। इस चारों लोगों पर इजराइली खुफिया एजेंसी मोसाद के आदेश पर बम हमला करने की योजना बनाने का आरोप लगाया गया था।

ईरान ने 4 लोगों को फांसी पर लटकाया
अलजजीरा की रिपोर्ट में कहा गया है, कि इन चारों लोगों को इराक के उत्तरी कुर्द क्षेत्र से ईरान के केंद्रीय शहर इस्फ़हान में एक कारखाने पर हमला करने के लिए अवैध रूप से प्रवेश करने का दोषी ठहराया गया था, जो रक्षा और सशस्त्र बल रसद मंत्रालय के लिए उपकरण बनाती है।
रिपोर्ट में कहा गया है, कि हमला करने की योजना 2022 की गर्मियों के लिए बनाई गई थी लेकिन हमला होने से पहले ही ईरानी खुफिया एजेंसी ने इन चारों लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
ईरानी न्यायपालिका की वेबसाइट मिज़ान ऑनलाइन ने बताया है, कि "जायोनी जासूसी संगठन से जुड़े एक समूह के चार सदस्यों को मौत की सजा आज सुबह दी गई।"
आपको बता दें, ईरान और इजराइल लंबे समय से दुश्मन हैं। वे वर्तमान में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर विवाद में हैं। इजराइल, ईरान पर हमास और हिजबुल्लाह जैसे सशस्त्र समूहों का समर्थन करने का आरोप लगाता है, जिनके साथ वह लड़ रहा है। ईरान का कहना है, कि इजराइल ने कई ईरानी अधिकारियों और वैज्ञानिकों की हत्याएं की हैं, हालांकि तेल अवीव न तो इसकी पुष्टि करता है और न ही इनकार करता है।
ईरान में फांसी की लहर
मानवाधिकार एजेंसी एमनेस्टी के मुताबिक ईरान चीन को छोड़कर किसी भी अन्य देश की तुलना में प्रति वर्ष सबसे ज्यादा लोगों को फांसी पर लटका देता है। इससे पहले, पिछले साल दिसंबर में भी ईरान ने मोसाद से कथित संबंधों के लिए दोषी ठहराए गए तीन पुरुषों और एक महिला को फांसी दे दी थी।
पिछले हफ्ते, 2022 के अंत में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में भाग लेने के लिए सजा सुनाई गई एक ईरानी व्यक्ति मोहम्मद घोबाडलू को फांसी दे दी गई थी। जबकि, आलोचकों ने कहा है, प्रदर्शन के लिए जिस शख्स को फांसी दी गई है, वो मानसिक विकलांग था।
आकड़ों के मुताबिक, ईरान ने साल 2023 में कम से कम 834 लोगों को फांसी की सजा दी है, जिसमें देशव्यापी प्रदर्शन से जुड़े आठ लोग शामिल थे।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार एजेंसी ने भी ईरान में लोगों को फांसी दिए जाने को लेकर सरकार की कड़ी आलोचना की है। यूएन एजेंसी ने कई बार ईरानी सरकार से फांसी की सजा पर रोक लगाने का आह्वान किया है, लेकिन ईरान ने इस आह्वान को हमेशा खारिज किया है।
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने पिछले साल कहा था कि ईरान में फांसी का "घृणित" ट्रैक रिकॉर्ड है, जिसमें हर हफ्ते औसतन 10 से ज्यादा लोगों को फांसी दी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications