इंडोनेशियाः मस्जिद में कुत्ता लेकर जानी वाली महिला को कोर्ट ने किया रिहा
इंडोनेशिया में कुत्ता लेकर मस्जिद जाने वाली एक महिला को कोर्ट ने मानसिक बीमारी के आधार पर जेल भेजने से इनकार कर दिया है.
पिछले साल जुलाई में सुज़ेथ मार्ग्रेट नाम की इस महिला का वीडियो वायरल हो गया था जिसमें वो जूते पहनकर अपने कुत्ते के साथ मस्जिद में दाखिल होते हुए दिख रही थीं.
मुस्लिम बहुल इंडोनेशिया में लोग इस घटना को लेकर नाराज़ हो गए थे क्योंकि देश का एक बड़ा तबका कुत्ते को अपवित्र जानवर समझता है.
जकार्ता के पास बोगोर शहर की अदालत ने बुधवार को इस महिला को ईशनिंदा के आरोप में दोषी तो करार दिया लेकिन ये भी कहा कि उन्हें उनकी हरकतों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.
सुज़ेथ मार्ग्रेट साल 2013 से ही सिज़ोफ्रेनिया की मरीज़ थीं. हालांकि अभियोजन पक्ष ने उन्हें आठ महीने के लिए जेल की सज़ा दिए जाने की मांग की थी.
वीडियो में क्या था?
जुलाई में वायरल हुए इस वीडियो में बोगोर की एक मस्जिद में एक महिला दाख़िल होने के बाद ये कहती दिख रही है कि वो एक कैथोलिक हैं.
महिला कह रही थी कि उनके पति मस्जिद में उस दिन शादी करने वाले थे. महिला वीडियो में साफ़ तौर पर अवसाद ग्रस्त दिख रही थीं.
महिला ने मस्जिद पर अपने पति का धर्मांतरण करने का आरोप लगाया तभी उनका कुत्ता दौड़कर उनके पास आ गया.
मस्जिद में मौजूद लोगों का कहना था कि उन्हें उस कथित शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी.
जब मस्जिद के एक स्टाफ़ ने महिला को वहां से जाने के लिए कहा तो महिला ने उन्हें लात से मारा.
कहा जा रहा है कि इस घटना के बाद एक गाड़ी की चपेट में आने से कुत्ते की मौत हो गई.












Click it and Unblock the Notifications