न्यूयॉर्क में 10,000 डॉलर और आभूषण की डकैती के आरोप में घिरे दो भारतीय, हो सकती है 20 साल की जेल
न्यूयॉर्क के ऑरेंज काउंटी में एक छोटे व्यापारी के घर में हुई डकैती के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से दो आरोपी भारतीय मूल के हैं। इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि डकैती के दौरान व्यापारी के छोटे बच्चे भी मौजूद थे और उन्होंने अपने माता-पिता को बंदूक की नोक पर देखा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 26 वर्षीय भूपिंदरजीत सिंह, 26 वर्षीय दिव्या कुमारी, 22 वर्षीय एलिजाईह रोमन, 45 वर्षीय कोरी हॉल और 24 वर्षीय एरिक सुआरेज शामिल हैं। सभी आरोपियों पर डकैती षड्यंत्र और डकैती के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों में दोषी पाए जाने पर उन्हें 20 साल तक की जेल हो सकती है। इसके अलावा, सिंह, रोमन, हॉल और सुआरेज पर एक हिंसक अपराध के दौरान आग्नेयास्त्र का इस्तेमाल करने का अतिरिक्त आरोप भी लगाया गया है, जिसके लिए उम्रकैद की सजा हो सकती है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह डकैती दिसंबर 2024 में न्यूयॉर्क के टाउन ऑफ़ वॉलकिल के पास हुई थी। आरोपी बंदूक लेकर व्यापारी के घर पहुंचे और घर के मालिक और उसकी 10 साल की बेटी को बंदूक की नोक पर घर के अंदर ले गए। व्यापारी की पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे भी घर में मौजूद थे। डकैतों ने दंपति को बांध दिया और घर में रखे नकदी और आभूषणों की तलाशी ली।
इस घटना ने पीड़ित परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है। विशेषकर बच्चों पर इस घटना का बहुत गहरा असर पड़ा है। घर के मालिक की बेटी ने डकैतों से अपने माता-पिता को कुछ न करने की विनती की थी। डकैतों ने सेफ़ से लगभग 10,000 डॉलर और आभूषण चुराए थे।












Click it and Unblock the Notifications