India-US News: अचानक अमेरिकी NSA का भारत दौरा क्यों हुआ रद्द? जानिए क्या है पूरा मामला?
India-US News: वॉशिंगटन में 'सिग्नलगेट' विवाद (Signalgate Controversy) के चलते अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) माइकल वॉल्ट्ज ने अगले सप्ताह होने वाला भारत दौरा टाल दिया है।
सूत्रों के अनुसार, वॉल्ट्ज 21 से 23 अप्रैल तक दिल्ली दौरे पर आने वाले थे, जहां वे विदेश मंत्रालय द्वारा प्रायोजित और अनंता सेंटर द्वारा आयोजित U.S- India Forum में भाग लेने वाले थे।

पीएम मोदी से करने वाले थे मुलाकात
वॉल्ट्ज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, NSA अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करनी थी। हालांकि, आधिकारिक रूप से उनकी यात्रा की घोषणा नहीं की गई थी, इसलिए अमेरिकी अधिकारियों ने रद्दीकरण के कारणों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
सिग्नलगेट विवाद क्या है?
सिग्नलगेट विवाद तब सामने आया जब वॉल्ट्ज ने गलती से एक वरिष्ठ पत्रकार को उस Signal चैट में जोड़ लिया जिसमें यमन में हूथी विद्रोहियों पर संभावित बमबारी अभियानों पर चर्चा हो रही थी। इस चैट में उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस, रक्षा सचिव पीटर हेगसेथ, और खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड जैसे ट्रम्प प्रशासन के शीर्ष अधिकारी भी शामिल थे।
खबरों के मुताबिक, वॉल्ट्ज ने यूक्रेन, चीन और गाज़ा जैसे मुद्दों पर भी ऐसे असुरक्षित माध्यमों से संवाद किया और कई बार अपने निजी Gmail अकाउंट का इस्तेमाल भी किया। इस पूरे घटनाक्रम ने व्हाइट हाउस को असहज स्थिति में डाल दिया है, भले ही उन्होंने वॉल्ट्ज के समर्थन में बयान दिया हो।
ये भी पढ़ें India-US: टैरिफ पर तनातनी के बीच भारत दौरे पर आ रहे हैं अमेरिकी उप-राष्ट्रपति, इन अहम मुद्दों पर चर्चा संभव
कुछ महीने बाद आ सकते हैं भारत
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वॉल्ट्ज की भारत यात्रा स्थगित हो गई है, लेकिन अब यह यात्रा कुछ महीनों बाद फिर से निर्धारित की जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, वॉल्ट्ज अपनी अगली भारत यात्रा Indus-X कार्यक्रम के अगले संस्करण के साथ संयोजित कर सकते हैं। यह कार्यक्रम अमेरिका और भारत के रक्षा मंत्रालयों की एक संयुक्त पहल है, जिसमें रक्षा नवाचार और रणनीतिक तकनीकों से जुड़ी कंपनियाँ हिस्सा लेती हैं।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति आ रहे हैं भारत
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस को Indo-U.S. Forum में वॉल्ट्ज की जगह भेजने पर विचार चल रहा है। वेंस अपनी पत्नी उषा चिल्लीकुरी वेंस और तीन बच्चों के साथ एक निजी दौरे पर भारत आ रहे हैं। यह परिवार उत्तर भारत के पर्यटन स्थलों और आंध्र प्रदेश (उषा वेंस का गृह राज्य) का दौरा करेगा।












Click it and Unblock the Notifications