लाहौर ATC ने तूफान में फंसी इंडिगो फ्लाइट को उतरने से रोका, अब भारत ने पाक की उड़ानों पर प्रतिबंध बढ़ाया
India Pakistan Airspace Ban 2025: भारत सरकार ने पाकिस्तान के विमानों के भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश पर लगे प्रतिबंध को एक और महीने के लिए बढ़ा दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से जारी नए NOTAM (नोटिस टू एयरमेन) के अनुसार, यह प्रतिबंध अब 23 जून 2025 तक प्रभावी रहेगा।
इससे पहले यह पाबंदी 30 अप्रैल से 23 मई 2025 तक लागू थी, जिसे अब आगे बढ़ाया गया है। यह आदेश पाकिस्तान में पंजीकृत विमानों और पाकिस्तानी एयरलाइनों या ऑपरेटरों द्वारा स्वामित्व, संचालित या पट्टे पर लिए गए विमानों पर लागू होता है, जिनमें सैन्य उड़ानें भी शामिल हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से पहले से ही गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान की एविएशन इंडस्ट्री को बड़ा झटका लग सकता है। अब पाकिस्तान को भारत के बजाय चीन या श्रीलंका जैसे देशों के हवाई क्षेत्र का सहारा लेना होगा, जिससे उड़ान की दूरी, समय और ईंधन लागत में भारी इजाफा होगा। इसका सीधा असर पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था और एयरलाइन ऑपरेटरों की मुनाफाखोरी पर पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- IndiGo flight: इंडिगो की दिल्ली-श्रीनगर फ्लाइट ओलों में फंसी, आगे का हिस्सा टूटा, 227 यात्री कर रहे थे सफर
पाकिस्तानी असंवेदनशीलता उजागर: इंडिगो फ्लाइट को नहीं मिली आपातकालीन इजाजत
इस बीच, पाकिस्तान की असंवेदनशीलता का एक ताजा उदाहरण सामने आया है। बुधवार, 21 मई 2025 को दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की एक यात्री उड़ान खराब मौसम, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चपेट में आ गई। पायलट ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाहौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से तत्काल संपर्क कर कुछ समय के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति मांगी।
लेकिन, लाहौर ATC ने इस आपातकालीन अनुरोध को सिरे से खारिज कर दिया। मजबूरन पायलट को तूफानी रास्ते में उड़ान जारी रखनी पड़ी, जिससे फ्लाइट को तेज झटकों का सामना करना पड़ा और यात्री घबराकर चिल्लाने लगे। बावजूद इसके, पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विमान को सुरक्षित रूप से श्रीनगर एयरपोर्ट पर उतार दिया और सभी यात्रियों की जान बचा ली।
इस घटना ने पाकिस्तान की अमानवीय और गैर-पेशेवर रवैये को एक बार फिर उजागर कर दिया है, खासकर तब जब मानवीयता के आधार पर हवाई क्षेत्र की अस्थायी अनुमति आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय उड्डयन परंपराओं के तहत दी जाती है।
इंडिगो फ्लाइट 6E214 से जुड़ी घटना पर नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा, "दिल्ली-श्रीनगर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग के संबंध में हम घटना की जांच कर रहे हैं। DGCA घटना की जांच कर रहा है। मैं पायलटों और चालक दल के प्रयासों की सराहना करना चाहूंगा। हम बहुत आभारी हैं कि कोई घटना नहीं हुई और सभी सुरक्षित हैं। लेकिन हम इसकी पूरी तरह से जांच करने जा रहे हैं। हम DGCA की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और अगर हमें कोई गड़बड़ी नजर आती है तो हम कार्रवाई करेंगे।"
यह भी पढ़ें- शर्मनाक:टर्बुलेंस में फंसी यात्रियों से भरी Indigo फ्लाइट को पाकिस्तान ने एयरस्पेस देने से कर दिया था इनकार












Click it and Unblock the Notifications