IndiGo flight: इंडिगो की दिल्ली-श्रीनगर फ्लाइट ओलों में फंसी, आगे का हिस्सा टूटा, 227 यात्री कर रहे थे सफर
IndiGo Flight 6E2142: दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E2142 (रेजिस्ट्री VT-IMD) को बुधवार शाम रास्ते में तेज आंधी, बर्फीली बारिश और ओलावृष्टि का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान में अफरातफरी मच गई और पायलट ने श्रीनगर एटीसी को इमरजेंसी सूचना दी। दिल्ली-एनसीआर में भी शाम को मौसम का मिजाज अचानक बदला है। धूलभरी आंधी व बारिश से खासी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
खराब मौसम के बावजूद, पायलट और क्रू की सूझबूझ के चलते विमान शाम 6:30 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। विमान में सवार सभी 227 यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, मौसम के कहर से विमान के नोज सेक्शन को नुकसान पहुंचा है।

यह भी पढ़ें- Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में तेज आंधी व बारिश, कई रूटों पर मेट्रो व कुछ उड़ानें प्रभावित
इंडिगो एयरलाइंस ने प्रभावित विमान को "एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड" (AOG) घोषित कर दिया है। यह अब तकनीकी जांच और मरम्मत तक सेवा में नहीं रहेगा।

वहीं, इंडिगो ने गोवा जाने वाले यात्रियों के लिए एक ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि गोवा में जारी भारी बारिश की वजह से उड़ानों में देरी या रद्दीकरण संभव है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।
इस बीच, दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बुधवार रात मौसम ने अचानक करवट ली। 79 KM प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाओं और ओलावृष्टि के चलते बिजली आपूर्ति और ट्रैफिक प्रभावित हुआ। दिल्ली के कई इलाकों में पेड़ गिरने की खबरें भी सामने आई हैं।
यह भी पढ़ें- Nautapa Heatwave: अब गर्मी का थर्ड डिग्री टॉर्चर! नौतपा के 9 दिन क्यों होते हैं सबसे गर्म, जानिए पूरा रहस्य
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (टर्मिनल-3) पर भी तेज धूलभरी आंधी और बारिश के कारण विजिबिलिटी में गिरावट दर्ज की गई, जिससे हवाई संचालन प्रभावित हुआ। इधर, राजस्थान में भी शाम से तेज हवाएं चल रही हैं। धुलभरी हवाओं के कारण घरों में धूूल की चादर जम गई।
उधर, डीएमआरसी ने सेवा अपडेट जारी किया है। अचानक आए तूफान के कारण कुछ स्थानों पर ओएचई या बाहरी वस्तुओं के मेट्रो ट्रैक पर गिरने/आने से कुछ नुकसान हुआ है। परिणामस्वरूप, शहीद नगर, जहांगीरपुरी और निजामुद्दीन स्टेशनों के पास क्रमशः रेड, येलो और पिंक लाइनों पर इन प्रभावित खंडों पर मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई हैं और उन्हें विनियमित किया जा रहा है। सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए इन वस्तुओं को हटाने और ओएचई को तत्काल बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications