गलवान घाटी हिंसा के बाद पहली बार SCO के लिए भारत आएंगे चीन के रक्षा मंत्री, राजनाथ सिंह से कर सकते हैं वार्ता
SCO सम्मेलन 27 और 28 अप्रैल को गोवा की राजधानी पणजी में होगा। चीनी रक्षा मंत्री शांगफू के अलावा रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू ने भी सम्मेलन के लिए अपनी हामी भर दी है।

चीन के रक्षा मंत्री ली शांगफू इस सप्ताह SCO सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आ रहे हैं। चीन ने मंगलवार को उनके भारत दौरे की आधिकारिक घोषणा कर दी है। गलवान घाटी हिंसा के बाद यह पहला मौका है जब चीनी रक्षा मंत्री भारत आएंगे।
एससीओ सम्मेलन 27 और 28 अप्रैल को गोवा की राजधानी पणजी में होगा। चीनी स्टेट काउंसिलर और रक्षा मंत्री जनरल ली शांगफू 27 अप्रैल से SCO के रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए इस सप्ताह भारत दौरे पर रहेंगे।
चीन सरकार द्वारा जारी बयान में कहा गया कि SCO बैठक के दौरान जनरल ली सम्मेलन को संबोधित करेंगे और संबंधित देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान रक्षा और सुरक्षा सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मामलों पर भी चर्चा की जाएगी।
चीन ने यह भी बताया है कि इस दौरान रक्षा मंत्री अपने भारतीय समकक्ष राजनाथ सिंह के साथ भी वार्ता कर सकते हैं। आपको बता दें कि चीनी रक्षामंत्री का यह दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है जब रविवार को पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर तनाव को लेकर दोनों देशों के बीच कोर कमांडर स्तर की 18वें दौर की वार्ता हुई है।
इस संबंध में चीनी रक्षामंत्री ली शांगफू की भारत यात्रा को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत इस साल जी-20 के साथ SCO की भी अध्यक्षता कर रहा है। भारत, रूस, चीन किर्गिस्तान, कजाख्स्तान, तजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और पाकिस्तान एससीओ के सदस्य हैं।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो समेत SCO के सभी सदस्य देशों के विदेश मंत्री बैठक में शामिल होने वाले हैं। हालांकि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ इस समिट का हिस्सा होंगे या नहीं यह अभी साफ नहीं हो पाया है। भारत ने पाकिस्तानी मंत्री ख्वाजा आसिफ को भी आमंत्रण भेजा था।
एससीओ रक्षा मंत्री की मीटिंग के बाद विदेश मंत्रियों की बैठक होगी। SCO रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक में आतंकवाद के खतरे और अफगानिस्तान की स्थिति सहित क्षेत्रीय सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications