Russia-Ukraine War: जल्द समाप्त होगा यूक्रेन युद्ध, आज होगी रियाद में अमेरिका और रूस की विशेष बैठक
Russo-Ukrainian War News: यूक्रेन युद्ध की समाप्ति की प्रक्रिया में सऊदी अरब की राजधानी रियाद एक खास स्थान बन सकता है। मंगलवार को रियाद में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के बीच शांति वार्ता की रूपरेखा तैयार की जाएगी। यह बैठक यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने और अमेरिका-रूस संबंधों की अड़चनों को हटाने पर विचार करेगी। 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका ने रूस पर कई प्रतिबंध लगाए थे, जिसके कारण दोनों देशों के सामान्य संबंधों में बाधा उत्पन्न हुई थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच 12 फरवरी को टेलीफोन पर हुई वार्ता के बाद, दोनों देशों के संबंधों को सामान्य बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रियाद में रूबियो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल होगा, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज और ट्रंप के पश्चिम एशिया के दूत स्टीव विट्काफ भी शामिल होंगे। वहीं, रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लावरोव करेंगे और उसमें पुतिन के सलाहकार यूरी यूशाकोव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।

हो सकती है ट्रंप और पुतिन की सीधी मुलाकात
रियाद में इस बैठक के सकारात्मक परिणामों के बाद, संभावना जताई जा रही है कि ट्रंप और पुतिन की सीधी मुलाकात हो सकती है, जो चार वर्षों से चल रहे वैश्विक तनाव को कम करने में मददगार साबित हो सकती है। रूबियो ने यह भी कहा कि इस शांति वार्ता में यूक्रेन और यूरोप के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जा सकता है।
इस बीच, रूस ने अमेरिकी नागरिक कालोब बायर्स को नशीले पदार्थ की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद रिहा कर दिया है, जिससे अमेरिका के प्रति सद्भावना दिखाई है।
व्लादिमीर जेलेंस्की यूएई पहुंचे
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि उनका यह दौरा शांति वार्ता में यूक्रेन को शामिल किए जाने के लिए है। हालांकि, मंगलवार को होने वाली बैठक में यूक्रेन को आमंत्रित नहीं किया गया है। इस पर फ्रांस ने पेरिस में यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है।
यूक्रेन पर 147 ड्रोन हमले
रियाद में युद्ध समाप्ति की बैठक से पहले, रूस ने यूक्रेन पर 147 ड्रोन हमले किए, जिसमें से 83 ड्रोन को मार गिराया गया, जबकि 59 ड्रोन को लक्ष्य तक पहुंचने से रोका गया। इन हमलों में यूक्रेन के कीव और खार्कीव शहरों में नुकसान हुआ है। यूक्रेन के जवाबी ड्रोन हमले में रूस के क्रैस्नोडर इलाके में भी नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें Canada: टोरंटो एयरपोर्ट पर डेल्टा एयरलाइंस विमान दुर्घटनाग्रस्त, 18 लोग घायल












Click it and Unblock the Notifications