Cloudburst: कैसे फटते हैं बादल ? दिल थाम कर देखिए ये दुर्लभ Video
नई दिल्ली, 6 जुलाई: मानसून के दिनों में अक्सर बादल फटने जैसी घटनाएं सामने आ जाती हैं। वैज्ञानिक इसके पीछे जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वॉर्मिंग को भी जिम्मेदार मानते हैं। लेकिन, एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें एक फोटोग्राफर ने प्रकृति की इस घटना को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया है। इसमें दिख रहा है कि कैसे कुछ पलों में ही आसमान से लाखों गैलन पानी धरती पर आ गिरा है। यह वीडियो ऐसे समय में आया है, जब हिमाचल प्रदेश की मणिकर्ण घाटी में एक ऐसी ही घटना सामने आई है।

बादल फटने की घटना का दुर्लभ वीडियो
भारत में इस समय मानसून का दौर चल रहा है और देश के कई हिस्सों में बहुत ही कम समय में काफी ज्यादा बारिश होना रिकॉर्ड किया गया है। यह स्थिति देश के अलग-हिस्सों में है, जिसमें 24 घंटों के अंदर ही इतनी बारिश हो जा रही है कि कई दिनों का कोटा पूरा हो रहा है। इसकी वजह से भारतीय मौसम विभाग ने देश के कई भागों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। इस समय देश में जिन राज्यों में भारी बारिश हो रही है, उनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और केरल शामिल हैं। मुंबई में 24 घंटे के भीतर ही 153 मिली मीटर बारिश हो गई। लेकिन, हम यहां बात कर रहे हैं, बादल फटने की जो हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के मणिकर्ण घाटी में भी देखने को मिली है। लेकिन, हम जिस वीडियो की बात कर रहे हैं, वह भारी बारिश का यह बहुत ही खौफनाक स्वरूप है। इस मंजर को कैद किया है एक विदेशी फोटोग्राफर ने। यह घटना भारत से बाहर की है।
Recommended Video

आसमान से नीचे आई सैलाब
हम यहां बादल फटने का जो वीडियो दिखाने जा रहे हैं, वह भारत की नहीं है। इंटरनेट पर जोरदार तरीके से वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर कई देशों से दावे किए जा रहे हैं। लेकिन, बताया जा रहा है कि यह वीडियो ऑस्ट्रिया का है। वीडियो में दिख रहा है कि अचानक एक जगह आसमान से मानो लाखों गैलन पानी इंद्र देवता ने उझल डाले हों। आमतौर पर प्रकृति की इस अद्भुत घटना की तस्वीर लेना या वीडियो बनाना बहुत ही दुर्लभ है। (पहली दोनों तस्वीर-वंडर ऑफ साइंस ट्विटर वीडियो से )
ऑस्ट्रिया का बताया जा रहा है यह दुर्लभ वीडियो
हम जो वीडियो दिखा रहे हैं, उसे वंडर ऑफ साइंस के ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है। इसके कैप्शन में लिखा है- 'ऑस्ट्रिया में लेक मिलस्टैट के ऊपर आश्चर्यजनक रूप से बादल फटने को फोटोग्राफर पीटर मायर ने कैद किया।' खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 45 लाख से ज्याद व्यूज मिल चुके थे और करीब 20 हजार रिट्वीट किए जा चुके थे। लोग इस वीडियो को देखकर जबर्दस्त ढंग से प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

बादल फटना क्या है ?
ब्रिटैनिका डॉट कॉम के मुताबिक सामान्य तौर पर एक सीमित क्षेत्र में बहुत ही कम समय में अचानक बहुत ही भारी बारिश होना बादल फटना है। अधिकतर मामलों में प्रकृति की ये घटना गरज के साथ बारिश से जुड़ी होती है। मौसम के जानकारों के मुताबिक भी जब एक ही समय में, एक ही स्थान पर अचानक बहुत ही ज्यादा बारिश हो, इस तरह से कि बादलों का सारा पानी बूंदों के शक्ल की बजाए एकसाथ धरती पर आ गिरे तो वह बादल फटना कहलाता है। अगर कुछ ही क्षेत्र के अंदर एक घंटे के भीतर 100 मिली मीटर से ज्यादा बारिश हो जाए तो यह बादल फटना कहलाता है। 16-17 जून, 2013 की दरमियानी रात में उत्तराखंड के उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में 479 मिली मीटर बारिश हुई थी।

कैसे फटते हैं बादल ?
जब नमी वाले बादल आसमान में एक जगह ठहर कर संघनित होती हैं और पानी की बूंदे जुड़ने लगती हैं। इसकी वजह से बादल का घनत्व बढ़ने लगता है। इस समय धरती से गरम हवा या बादल के नीचे की गरम हवा ऊपर उठने से उसके दबाव से बादल फट जाता है और आसमानी सैलाब गिरनी शुरू हो जाती है। जिस भी जगह पर यह घटना होती है, वहां आपदा की आशंका बढ़ जाती है।

कहां फटते हैं बादल ?
बादल फटने की घटनाएं पहाड़ी इलाकों में सामान्य हैं। क्योंकि, यहां पहाड़ की वजह से मानसूनी बादल रुक जाते हैं। ऐसी स्थिति में अगर उसके नीचे हवा का दबाव बढ़ता है तो इसके फटने की आशंका बढ़ जाती है। वैसे यह प्राकृतिक घटना दूसरी जगहों पर भी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications