भारतीय मूल के हिंदुजा बंधु ब्रिटेन के टॉप 'धनकुबेर'

हिंदुजा बंधुओं ने लक्ष्मी मित्तल व रूसी उद्योगपति अलिशर उस्मानोव को पीछे छोड़ दिया है। बहुराष्ट्रीय हिंदुजा समूह चलानेवाले गोपीचंद हिंदुजा और श्रीचंद हिंदुजा का कारोबार वाहन, रीयल एस्टेट व तेल क्षेत्र में फैला है। वे पिछले साल सूची में तीसरे पायदान पर थे. सूची का पूरा संस्करण अगले रविवार को जारी किया जायेगा।
सूची में लक्ष्मी मित्तल (तीसरे), प्रकाश लोहिया (46वें), लॉर्ड स्वराज पॉल (48वें), अनिल अग्रवाल (50वें) व अजय कलसी (102वें) जैसे एनआरआइ उद्योगपति शामिल हैं। रूसी उद्योगपति उस्मानोव 10.65 अरब पौंड की संपत्ति के साथ दूसरे पायदान पर हैं, जबकि पिछले साल वह पहले पायदान पर थे। वहीं, कोलकाता में जन्मे मित्तल 10.25 अरब पौंड की संपत्ति के साथ एक पायदान ऊपर चढ़ कर तीसरे पायदान पर पहुंच गये हैं।
लक्ष्मी निवास मित्तल के संदर्भ में अखबार ने कहा है कि पिछले एक दो साल से गिरावट के बाद इनका कारोबार फिर उभरने लगा है। अखबार ने लिखा है, इस्पात उद्योग में कठिन दौर के बाद मित्तल को आशा की किरण दिख रही है। आर्सेलर मित्तल के शेयर गिरावट से उबर गये हैं जिससे कंपनी में उनकी हिस्सेदारी का मूल्य पिछले एक साल में 70 करोड़ पौंड बढ़ कर 6.65 अरब पौंड हो गया है।
मित्तल के रिश्तेदार प्रकाश लोहिया ब्रिटेन के 46वें सबसे धनी व्यक्ति हैं और उनकी संपत्ति 2.11 अरब पौंड की है. अग्रणी एनआरआइ उद्योगपति व कपारो के प्रमुख लॉर्ड स्वराज पॉल ब्रिटेन के 48वें सबसे धनी है और उनकी संपत्ति का मूल्य करीब 2 अरब पौंड है। वेदांता रिसोर्सेज के प्रमुख अनिल अग्रवाल 50वें पायदान पर हैं और इंडस गैस के प्रमुख कलसी 102वें पायदान पर हैं।
लंदन के 72 अरबपतियों में आधे से अधिक 39 अरबपति विदेशी मूल के हैं। राष्ट्रीय स्तर पर विदेशी मूल के अरबपतियों का अनुपात कम है। देश में कुल 104 अरबपतियों में से 44 अरबपति विदेशी मूल के हैं। ब्रिटेन के बाद विश्व का अगला सबसे समृद्ध शहर मास्को है जहां 48 अरबपति हैं। बीते दिनों कुछ भारतीयों ने विश्व की दिग्गज कंपनियों के शीर्ष पद संभाले हैं, और अब आई इस खबर ने देश को गर्व करने का एक और मौका दिया है।












Click it and Unblock the Notifications