Greece boat News: ग्रीस नाव हादसे में 600 लोगों की मौत की आशंका, 79 शव निकाले गये.. 100 बच्चे भी थे सवार
Greece boat disaster: ग्रीस में गुरुवार को हुए भीषण नाव हादसे मे मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और जिंदा बचाए गये लोगों का कहना है, कि नाव में करीब 100 से ज्यादा बच्चे सवार थे। जिसके बाद भारी संख्या में बच्चों के जान जाने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रीस के तट पर डूबी ये नाव यूरोप के सबसे भीषण नाव हादसों में से एक है और अधिकारियों ने अभी तक 79 लोगों की मौत की पुष्टि की है। ये हादसा उस वक्त हुआ, जब दक्षिणी ग्रीस के तट पर दर्जनों प्रवासियों को ले जा रही एक मछली पकड़ने वाली नाव पलट गई। अधिकारियों ने कहा कि ग्रीस के दक्षिणी पेलोपोनिस इलाके से लगभग 75 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में ये घटना हुई है। इसके लिए इलाके में एक बड़ा खोज और बचाव अभियान लगातार चल रहा है।

तस्करी के शक में 9 लोग गिरफ्तार
ग्रीक टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, लोगों की तस्करी के संदेह में मिस्र में अभी तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, कोस्टगार्ड की काफी आलोचना की जा रही है, क्योंकि उन्होंने लोगों से खचाखच भरे मछली पकड़ने वाली नाव को रोकने की कोशिश नहीं की।
बचावकर्ता अभी भी उस क्षेत्र की खोज कर रहे हैं, जहां नाव समु्द्र में पलट गई थी, हालांकि बीतते वक्त के साथ लोगों के बचने की उम्मीद भी कम होती जा रही है।
बताया जा रहा है, कि मछली पकड़ने की ये नाव मिस्र से खाली निकली थी और टोब्रुक के लीबियाई बंदरगाह पर रुकी थी, जहां से यह इटली जाने वाले प्रवासियों भरना शुरू किया। धीरे धीरे इस नाव पर सैकड़ों लोग सवार हो गया और ग्रीस के तट के पास ये नाव डूब गई। कलामाता जनरल अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बीबीसी को बताया, कि जहाज़ पर 100 से ज़्यादा बच्चे सवार थे।
बीबीसी के मुताबिक, कार्डियोलॉजी के प्रमुख डॉ मनोलिस माकारिस ने कहा, कि "(बचे हुए लोगों) ने हमें बताया कि जहाज के तल में भारी संख्या में बच्चे और महिलाएं सवार थीं।" उन्होंने कहा कि दो मरीजों ने उन्हें अनुमानित आंकड़े दिए हैं। उन्होंने कहा, "एक ने मुझे 100 बच्चों के बारे में बताया, दूसरे ने 50 के बारे में, इसलिए मुझे सच नहीं पता, लेकिन फिर भी ये आंकड़ा काफी ज्यादा है।"
डॉ मकारिस ने कहा, कि उनका मानना है कि आपदा में कम से कम 600 लोगों की मौत हो सकती है। उन्होंने कहा, "नाव पर सवार सभी लोगों की सही संख्या 750 थी। यह वही संख्या है जिसके बारे में सभी ने मुझे बताया था।"
वहीं, मिस्र के कुछ लापता बच्चों के परिवारों ने डॉक्टर को अपने युवा रिश्तेदारों की तस्वीरें भेजीं हैं और उनकी पहचान करने के लिए कहा है। डॉक्टर ने कहा, कि ये एक बहुत बड़ी त्रासदी है और यूरोप को इस स्थिति को स्वीकार नहीं करना चाहिए। सभी को कुछ ना कुछ करना होगा, ताकि ऐसी घटना दोबारा ना हो।
वहीं, ग्रीक सरकार के प्रवक्ता इलियास सियाकांटारिस ने कहा, फिलहाल ये नहीं पता चल पाया है, सही संख्या क्या है, लेकिन उन्होंने ये कहा, कि तस्कर लोगों को कंट्रोल में रखने के लिए उन्हें नाव के अंदर बंद कर देते हैं।
बीबीसी के मुताबिक, लापता लोगों में से कुछ के परिजन अपनों की तलाश में कलामाता पहुंचने लगे हैं। यूके से अपने परिजनों की तलाश में पहुंचे आफताब ने बताया, कि नाव में उनके चार परिजन सवार थे, जो पाकिस्तान के रहने वाले थे। उन्होंने कहा, कि उनका एक रिश्तेदार तो मिल गया है, लेकिन बाकी के तीन अभी भी लापता हैं।
लोगों का कहना है, कि अस्पताल शवों से पटे हुए हैं और अस्पताल के कर्मचारी वहां पहुंच रहे लोगों को उनके परिजनों को शव सौंपने की कोशिश कर रहे हैं।
अकसर होते रहते हैं नाव हादसे
आपको बता दें कि ग्रीस के तट पर होने वाली इस तरह की घटनाएं अब बेहद आम हो गई हैं। अफ्रीकी और मध्य पूर्व के युद्धग्रस्त देशों से लोग बेहतर जीवन की तलाश में अवैध तरीके से यूरोपीय देशों में प्रवेश की कोशिश करते हैं।
कई बार खतरनाक रास्ता होने की वजह से हादसे होते हैं तो कई बार जरूरत से ज्यादा संख्या में नाव पर लोगों के सवार हो जाने के कारण नाव हादसे का शिकार हो जाती है।
इसी साल फरवरी महीने के आखिरी सप्ताह में प्रवासियों से भरी एक नाव पलटने से नवजात समेत 61 लोगों की मौत हो गई थी। यह हादसा इटली के तटीय क्षेत्र कालब्रिया तट के पास समुद्री तूफान में नाव के चट्टान से टकराने के कारण हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications