मां-बाप ने फेसबुक पर शेयर की 'आपत्तिजनक' तस्वीरें, लड़की ने किया केस
वियना। ऑस्ट्रिया में एक माता-पिता को अपनी बेटी की तस्वीरें फेसबुक पर शेयर करना महंगा साबित हो गया। 18 साल की एक लड़की ने माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

लड़की ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसके मां-बाप ने बिना उसकी अनुमति के उसकी तस्वीरें फेसबुक पर शेयर की हैं, जो उनके 700 दोस्तों ने देखी हैं।
अब तक शेयर की 500 तस्वीरें
लड़की का आरोप है कि उसके माता-पिता ने साल 2009 से लेकर अब तक करीब 500 तस्वीरें शेयर की हैं। ये तस्वीरें उसके बचपन की हैं। जिनमें से किसी में वह डायपर पहने है तो कोई तस्वीर टॉयलेट की है। उसने आरोप लगाया कि माता-पिता की वजह से उसकी जिंदगी तबाह हो रही है जिन्होंने उसके हर पल को कैमरे में कैद किया और फिर सोशल मीडिया में शेयर कर दिया।
तस्वीरें हटाने से किया इनकार
लड़की ने यह भी कहा कि उसने माता-पिता से गुजारिश की थी कि उसकी तस्वीरे सोशल साइट से हटा दें लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। मजबूर होकर उसे केस करना पड़ा।
हो सकती हैं मुश्किलें
लड़की के वकील ने कहा कि अगर यह साबित हो जाता है कि उसके माता-पिता ने तस्वीरें शेयर करके उसके अधिकारों का हनन किया है तो उनके लिए काफी मुश्किलें हो सकती हैं। ऑस्ट्रिया में इस तरह का यह पहला केस है।












Click it and Unblock the Notifications