ब्रिटेन के PM बने ऋषि सुनक, इन देशों में भी शीर्ष पदों पर चलता है भारतवंशियों का सिक्का
कई अन्य देश हैं जहां भारतीय मूल के नेता शीर्ष पदों पर पहुंच चुके हैं। फिलहाल ऋषि सुनक के अलावा दुनिया में तीन और देश हैं जहां शीर्ष पद पर कोई भारतीय मूल का नागरिक है।
ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के रूप में भारतवंशी ऋषि सुनक ने नाम पर मुहर लग चुकी है। ऐसा पहली बार हो रहा है जब ब्रिटेन में कोई भारतीय मूल का नेता इतने शीर्ष पद पर पहुंचा है। हालांकि कई अन्य देश हैं जहां भारतीय मूल के नेता शीर्ष पदों पर पहुंच चुके हैं। फिलहाल ऋषि सुनक के अलावा दुनिया में तीन और देश हैं जहां शीर्ष पद पर कोई भारतीय मूल का नागरिक है।

कमला हैरिस
कमला हैरिस वर्तमान में जो बाइडेन के नेतृत्व वाली सरकार में अमेरिका की दूसरी नंबर की नेता हैं। वो अमेरिका में उपराष्ट्रपति पद पर हैं और दूसरे नंबर की राजनेता हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी से संबंध रखने वाली कमला हैरिस अमेरिकी इतिहास में पहली महिला उपाध्यक्ष बनीं हैं। मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली कमला हैरिस इससे पहले 2011 से 2017 तक कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल के रूप में भी काम कर चुकी हैं।

प्रविंद जगन्नाथ
दुनिया के शीर्ष भारतीय मूल के नेताओं में प्रविंद जगन्नाथ का नाम भी बेहद सम्मान के साथ लिया जाता है। प्रविंद मौजूदा समय में मॉरिशस के प्रधानमंत्री हैं। कैबिनेट में कई प्रमुख पदों पर रहने के बाद प्रविंद कुमार जगन्नाथ को सर्वसम्मति से मॉरीशस के प्रधान मंत्री चुना गया था। प्रविंद का जन्म ला कैवर्ने में एक भारतीय परिवार के घर हुआ था। अनिरुद्ध जगन्नाथ के पूर्वज बलिया जिले में रसड़ा क्षेत्र के रहने वाले थे। प्रविंद जगन्नाथ कई मौकों पर भारत भी आ चुके हैं।

एंटोनियो कोस्टा
एंटोनियो कोस्टा पुर्तगाल के वर्तमान प्रधान मंत्री हैं और 2022 में जीत के बाद अपने तीसरे कार्यकाल को संभाल रहे हैं। एंटोनिया का संबंध गोवा से है। एंटोनियो के दादा लुई अफोन्सो मारिया डी कोस्टा गोवा के निवासी थे। एंटोनियो कोस्टा का के रिश्तेदार आज भी गोवा के मरगाओ के निकट रुआ अबेद फारिया गांव में रहते हैं।

15 देशों में 200 से अधिक भारतवंशी राजनेता
ये तो हम बात कर रहे थे शीर्ष पदों पर बैठे नेताओं की... मगर इससे एक कड़ी नीचे आएं तो भारतीय मूल के 200 से अधिक लोग अमेरिका, ब्रिटेन सहित दुनिया के 15 देशों में अच्छी पोजिशन में हैं। बीते साल भारतीय समुदाय के बीच काम कर रहे एक अमेरिकी संगठन ने इन दिग्गज भारतीय हस्तियों की सूची बनाई थी। इंडायस्पोरा की लिस्ट में शामिल दिग्गजों में सिंगापुर, साउथ अफ्रीका, ब्रिटेन, कनाडा और अमेरिका जैसे देशों में भारत से गए लोगों के अलावा वहां जन्मे प्रोफेशनल्स भी शामिल हैं। भारत से शुरुआत में विदेश गए लोगों में ज्यादातर रोजी-रोटी की तलाश में निकले थे, जबकि बाद की पीढ़ी के लोग पढ़ाई लिखाई के लिए वहां गए थे।












Click it and Unblock the Notifications