पुतिन के एक और विरोधी की मौत...बेड पर मिली पूर्व जनरल और पत्नी की लाश, नहीं मिला हिंसा का कोई भी सबूत
रूस में पुतिन का विरोध करने वाले एक और शख्स की मौत हो गई है। पूर्व रूसी जनरल व्लादिमीर स्विरिडोव की बीते बुधवार को उनकी पत्नी के साथ बेड पर लाश मिली है। न्यूजवीक की रिपोर्ट में बताया गया है पूर्व रूसी जनरल व्लादिमीर स्विरिडोव ने एयर फोर्स की ट्रेनिंग को लेकर रूसी राष्ट्रपति पुतिन की आलोचना की थी।
अमेरिका स्थित न्यूजवीक ने एक सरकारी समाचार एजेंसी का हवाला देते हुए बताया कि 68 वर्षीय स्विरिडोव का शव एक अज्ञात महिला के साथ मिला था। लेकिन इस बीच रूसी आउटलेट बाजा और कोमर्सेंट ने बताया कि मृतक महिला स्विरिडोव की पत्नी थी।

पति-पत्नी की लाश उनके एंडजिएव्स्की गांव स्थित घर में बिस्तर पर एक साथ मिली। स्विरिडोव ने रूस की छठी वायु सेना और वायु रक्षा बल सेना की कमान संभाली थी। साल 2007 में स्विरिडोव ने रूसी पत्रिका टेक ऑफ को दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने पुतिन की आलोचना करते हुए पायलटों की ट्रेनिंग को लेकर चिंता जाहिर की थी।
अधिकारी के मुताबिक युद्ध की तैयारी के लिए पायलटों की ट्रेनिंग कम से कम 100 घंटे की होनी चाहिए लेकिन उनके मुताबिक सेना की औसत उड़ान का समय 25 से 30 घंटे ही था। हालांकि स्विरिडोव की मौत में हिंसा का कोई सबूत नहीं मिला है। क्रेमलिन ने पूर्व रूसी जनरल के निधन पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
आपको बता दें कि ये पहली ऐसी घटना नहीं है जिसमें पुतिन के किसी बड़े आलोचक या फिर किसी दुश्मन की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है। इससे पहले ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।
हाल में ही वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोजिन की कथित प्लेन क्रैश में मौत हुई थी। प्रिगोजिन ने वैगनर के सैनिकों का दुरुपयोग करने के लिए रूसी सरकार की आलोचना की थी। इसके बाद वैगनर चीफ ने जून में रूसी नेतृत्व के खिलाफ तख्तापलट का प्रयास भी किया था।
इससे पहले दिसंबर 2022 में, रूस के दिग्गज बिजनेसमैन पावेल एंटोव की, भारत के रायगडा में कथित तौर पर एक होटल की खिड़की से गिरने से मौत हो गयी थी। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, राजनेता और करोड़पति पावेल एंटोव ने कीव में मिसाइल हमले के बाद व्हाट्सएप पर यूक्रेन के साथ पुतिन के युद्ध की आलोचना की थी। इसके अलावा पुतिन के कम से कम 1 दर्जन ऐसे 'ज्ञात दुश्मन' हैं जिनकी हत्या कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications