अमेरिका की वापसी के बाद पहली कॉमर्शियल फ्लाइट ने काबुल से भरी उड़ान
नई दिल्ली, 9 सितंबर: अगस्त के अंत में अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने पूरी तरह से अफगानिस्तान से वापसी कर ली थी। जिसके बाद वहां पर तालिबान ने अंतरिम सरकार की घोषणा की। जिस वजह से वहां पर हालात सामान्य होते नजर आ रहे हैं। करीब 10 दिन बाद काबुल एयरपोर्ट पर भी धीरे-धीरे गतिविधियां सामान्य हो रही हैं। जिसके तहत गुरुवार को अमेरिकी नियंत्रण खत्म होने के बाद पहले कॉमर्शियल फ्लाइट ने उड़ान भरी।

Recommended Video
मामले में अफगानिस्तान में कतर के विशेष दूत मुतलाक अल-कहतानी ने कहा कि हवाई अड्डा संचालन के लिए लगभग 90 प्रतिशत तैयार है, लेकिन इसे फिर से खोलने की योजना धीरे-धीरे बनाई गई है। ये अफगानिस्तान के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि काबुल एयरपोर्ट अब पूरी तरह से चालू है। हमने बड़ी चुनौतियों का सामना किया है लेकिन अब हम कह सकते हैं कि एयरपोर्ट शिपिंग के लिए उपयुक्त है।
कतर एयरवेज का विमान गुरुवार को ही राहत सामग्री के साथ काबुल पहुंचा था। इसके बाद वो यात्रियों को लेकर दोहा, कतर के लिए रवाना हुआ। जिसमें विदेशियों का एक बड़ा समूह भी शामिल है। कतर के अधिकारियों ने पहले कहा था कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार आने वाले घंटों में अमेरिकियों सहित 100 से 150 पश्चिमी लोगों को काबुल से उड़ान भरने की अनुमति देगी। वहीं कतर के साथ तुर्की की भी टेक्नीकल टीम एयरपोर्ट पर परिचालन में मदद कर रही है, क्योंकि जब अमेरिकी सैनिकों की वापसी हो रही थी, तो काफी कुछ वहां पर क्षतिग्रस्त हो गया था।
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने हवाई अड्डे के संचालन और अफगानिस्तान को मानवीय सहायता के लिए कतर को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में ये एयरपोर्ट वाणिज्यिक उड़ानों सहित सभी प्रकार की उड़ानों के लिए तैयार हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications