बर्फीले तूफान की वजह से तुर्की और ग्रीस में अफरातफरी, बंद किया गया यूरोप का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट
इंस्ताबुल एयरपोर्ट को यूरोप के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक माना जाता है, जहां से हर दिन सैकड़ों उड़ाने भरी जाती है, लेकिन बर्फीले तूफान की वजह से एयरपोर्ट पर हर जगह सिर्फ बर्फ ही बर्फ है।
इंस्ताबुल, जनवरी 25: यूरोप के सबसे व्यस्ततम एयरपोर्ट्स में से एक इंस्ताबुल एयरपोर्ट को भारी बर्फबारी और बर्फीले तूफान के बाद बंद कर दिया गया है। भारी बर्फबारी ने इन दिनों यूरोपीय देशों को काफी परेशान कर रखा है और बर्फीले तूफान की वजह से एथेंस में स्कूलों और टीकाकरण केन्द्रों को बंद करना पड़ा है। पूर्वी भूमध्यसागर में उठे दुर्लभ बर्फीले तूफान के बाद कई शहरों में ब्लैकऑउट की स्थिति है और यातायात पर बुरी तरह से असर पड़ा है।

बंद हुआ सबसे व्यस्त एयरपोर्ट
इंस्ताबुल एयरपोर्ट को यूरोप के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक माना जाता है, जहां से हर दिन सैकड़ों उड़ाने भरी जाती है, लेकिन बर्फीले तूफान की वजह से एयरपोर्ट पर हर जगह सिर्फ बर्फ ही बर्फ है और सोमवार को एयरपोर्ट पूरी तरह से बंद रहा। वहीं, इंस्ताबुल एयरपोर्ट पर भारी बर्फबारी के बीच एक कार्गो टर्मिनल की छत भी गिर गई, हालांकि हादसे में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, इंस्ताबुल एयरपोर्ट पर मिडिल ईस्ट, अफ्रीका, यूरोप और एशिया के लिए उड़ान भरने वाली सैकड़ों फ्लाइट्स रूकी हुई हैं और बर्फीले तूफान की वजह से मौसम इतना ज्यादा खराब है, कि एयरपोर्ट पर फ्लाइटों का संचालन करना संभव नहीं है।

लोगों से यात्रा नहीं करने की सलाह
वहीं, इंस्ताबुल के गवर्नर अली येरलिकया ने लोगों से अपील की है कि, जब तक अत्यंत आवश्यक नहीं हो, लोग यात्रा करने के लिए घर से बाहर नहीं निकले, क्योंकि बर्फीले तूफान की वजह से मौसम काफी ज्यादा खराब हो चुका है। वहीं, सरकारी कर्मचारियों को सोमवार के दिन आधे दिन के बाद ही छुट्टी दे दी गई। गवर्नर अली येरलिकया ने एक और बयान में कहा है कि, बर्फीले तूफान की वजह से देश के उत्तरी हिस्से में थ्रेस की तरफ से इंस्ताबुल आने वाली गाड़ियों के शहर में एंट्री पर रोक लगा दी गई है। वहीं, इंस्ताबुल के मेयर एकरेम इमामोग्लू ने कहा है कि, नगरपालिका के करीब 7400 कर्मचारियों को लोगों की मदद करने के लिए कहा गया है और नगरपालिका कार्यालय लगातार खुला हुआ है और लोगों की मदद कर रहा है। वहीं, आपातकालीन दस्तों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी पर फौरन एक्शन लिया जा सके।
एयरपोर्ट पर बर्फ ही बर्फ
इंस्ताबुल हवाई अड्डे के अधिकारियों ने दोपहर करीब 1.30 बजे अपडेट तस्वीरें पोस्ट की, जिसमें देखा गया कि, एयरपोर्ट पर चारों तरफ बर्फ ही बर्फ है और हर तरफ अंधेरा छाया हुआ है। वहीं, एयरपोर्ट पर मौजूद गाड़ियों से बर्फ को साफ किया जा रहा है। वहीं, एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा कि, उड़ानों को फिर से संचालित करने के लिए रनवे और टैक्सीवे को साफ किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि
"प्रतिकूल मौसम और भारी बर्फबारी के बावजूद हमारा काम पूरी गति से जारी है।"
बर्फीले तूफान से ग्रीस की स्थिति भी खराब
वहीं, ग्रीस में भी बर्फीले तूफान से स्थिति खराब है और ग्रीस में रात का तापमान गिरकर -14 डिग्री सेल्सियस (6.8 डिग्री फ़ारेनहाइट) हो गया था। वहीं, तूफान की वजह से संसद सत्र को स्थगित कर दिया और एथेंस में स्कूलों और टीकाकरण केंद्रों को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा। वहीं, एथेंस शहर में लोगों की एंट्री रोके जाने के बाद लोग काफी ज्यादा गुस्से में दिखाई दे रहे थे और कई टीवी चैनलों से बात करते हुए अपने गुस्से का इजहार कर रहे थे। टीवी चैनलों पर दिख रही तस्वीरों में हर तरफ सिर्फ बर्फ ही बर्फ देखा जा रहा है और मौसम काफी ज्यादा विकराल नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications