हिटलर से तुलना किए जाने पर गुस्सा हुए नेतन्याहू, कहा- कुर्दों का नरसंहार करने वाले अर्दोआन हमें ज्ञान न दें
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयब अर्दोआन ने गाजा पर इजराइल के हमले की तुलना नाजी जर्मनी द्वारा यहूदियों की हत्या से करते हुए इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तुलना एडॉल्फ हिटलर से की है।
अर्दोआन ने कहा कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, एडॉल्फ हिटलर से अलग नहीं हैं क्योंकि गाजा पर इजराइल का हमला नाजियों की ओर से यहूदी लोगों के साथ किए गए व्यवहार जैसा है।

बुधवार को राजधानी अंकारा में एक पुरस्कार समारोह में बोलते हुए तुर्की के राष्ट्रपति ने कहा कि आप हिटलर के बारे में बुरा बोलते हैं लेकिन आपमें और हिटलर में अंतर क्या है? हिटलर ने जो किया उतना ही बुरा आप (नेतन्याहू) भी कर रहे हैं।
अर्दोआन ने कहा, "वे हिटलर से भी अधिक अमीर हैं, उन्हें पश्चिम से समर्थन मिलता है। अमेरिका से सभी प्रकार का समर्थन मिलता है। और उन्होंने इस सारे समर्थन के साथ क्या किया? उन्होंने 20,000 से अधिक गज़ावासियों को मार डाला।"
अर्दोआन ने कहा कि तुर्की उन शिक्षाविदों और वैज्ञानिकों का स्वागत करने के लिए तैयार है, जिन्हें इजराइल के जंग के बीच उत्पीड़न का सामना करना पड़ा क्योंकि उन्होंने गाजा पर होते अत्याचार पर अपने विचार दुनिया के सामने रखे थे।
तुर्की के राष्ट्रपति ने जंग के बाद गाजा में बफर जोन स्थापित करने की योजना को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि गाजा में बाहरी देशों की किसी भी तरह की योजना गाजावासियों के लिए अपमानजनक होगा। अर्दोआन ने कहा कि युद्ध के बाद गाजा का शासन और भविष्य अकेले फिलिस्तीनी ही तय करेंगे, इसमें किसी और की दखल नहीं होगी।
इससे पहले अर्दोआन ने इजराइल को 'आतंकवादी देश' करार देते हुए कहा कि इसके नेताओं पर अंतरराष्ट्रीय अदालतों में मुकदमा चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि इजराइल का समर्थन करने वाले पश्चिमी देश भी इस युद्ध अपराध में शामिल हैं।
वहीं, अर्दोआन की इस टिप्पणी पर इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने पलटवार किया है। नेतन्याहू ने कहा कि तुर्की के राष्ट्रपति को इजराइल को ज्ञान देने वाले लोगों की पंक्ति में अंतिम होना चाहिए।
नेतन्याहू ने कहा,"अर्दोआन कुर्दों का नरसंहार कर रहे हैं। वह अपना विरोध करने वाले पत्रकारों को जेल में डाल देते हैं। वे तुर्की के आखिरी व्यक्ति हैं जो नैतिकता का उपदेश दे सकते हैं।" नेतन्याहू ने आगे कहा कि आईडीएफ दुनिया की सबसे नैतिक सेना है। वह दुनिया के सबसे क्रूर, शातिर आतंकवादी समूह से लड़ रही है और उसे हरा रही है, जिसकी अर्दोआन प्रशंसा करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications