Elon Musk की तिजोरी तेजी से हो रही खाली, नहीं रहे दुनिया के सबसे अमीर, जानिए किसने पछाड़ा?
एलन मस्क पिछले साल अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस को पछाड़कर दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी बने थे, और उन्होंने काफी दिनों तक नंबर-1 का ताज अपने पास रखा। उनसे पहले बिल गेट्स काफी दिनों तक नंबर एक कारोबारी रह चुके हैं।

Recommended Video
Elon Musk News: पिछले करीब डेढ़ साल से दुनिया के सबसे अमीर इंसान होने का ताज अपने सिर पर लिए चल रहे एलन मस्क अब नंबर वन के पॉजीशन से हट गये हैं। हालांकि, एलन मस्क लगातार सुर्खियों में बने रहते आए हैं, लेकिन ट्विटर खरीदने के बाद एलन मस्क हर दिन किसी ना किसी वजह से अखबारों के पहले पन्ने पर बने रहते हैं। एलन मस्क एक बार फिर से सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार अपनी नंबर एक की कुर्सी गंवाने की वजह है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स की ताजा रैकिंग में एलन मस्क पहले पायदान से खिसक गये हैं।

पहले पायदान से हटे एलन मस्क
सोशल मीडिया नेटवर्क ट्विटर खरीदने के बाद से ही एलन मस्क अपनी बादशाहत को लेकर खतरे में रहे हैं हैं और एलन मस्क कह भी चुके हैं, कि ट्विटर खरीदने के बाद वो अपनी दूसरी कंपनियों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। एलन मस्क ने ट्विटर खरीदने के लिए ना सिर्फ अपनी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला से अपने शेयर्स बेचे, बल्कि उन्होंने बैंकों से विशालकाय कर्ज भी लिया है। लिहाजा, इसका सीधा असर एलन मस्क के खजाने पर है और अब वो नंबर-1 की कुर्सी से खिसक गये हैं। ट्विटर अधिग्रहण के बाद से एलन मस्क की तिजोरी तेजी से खाली हो रही है, क्योंकि उन्होंने ट्विटर खरीदने के लिए 44 अरब अमेरिकी डॉलर खर्च किए हैं। हालांकि, इस डील के बाद भी कुछ महीने तक एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी बने रहे, लेकिन जिस तरह से उनका खजाना खाली हो रहा है, उससे यही संकेत मिल रहे हैं, कि एलन मस्क की स्थिति अब पहले जैसी नहीं रही है।

कितनी हो गई है एलन मस्क की संपत्ति
ट्विटर खरीदने से पहले एलन मस्क की कुल संपत्ति 340 अरब अमेरिकी डॉलर आंकी गई थी, लेकिन ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मस्क की कुल संपत्ति अब 168.5 अरब अमेरिकी डॉलर पर सिमट आई है। उनकी नंबर वन की कुर्सी पर पिछले हफ्ते ही खतरे के बादल मंडराने लगे थे और पिछले हफ्ते कुछ हफ्तों के लिए वो नंबर दो पर पहुंच गये थे। नई रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस के कारोबारी बर्नार्ड अरनॉल्ट ने 172.9 बिलियन अमरीकी डालर की संपत्ति के साथ अब पहला स्थान हासिल कर लिया है। अरनॉल्ट की मेगा-वेल्थ मुख्य रूप से फैशन की दिग्गज कंपनी LVMH में उनकी 48 प्रतिशत हिस्सेदारी से प्राप्त हुई है।

फ्रेंच कारोबारी बर्नार्ड अरनॉल्ट कौन हैं?
Arnault एक फ्रांसीसी कारोबारी हैं, जो वर्तमान में LVMH Moët Hennessy Louis Vuitton के अध्यक्ष और सीईओ हैं, जो दुनिया के सबसे मूल्यवान लक्ज़री उत्पाद समूहों में से एक है। डोम पेरिग्नन (वाइन), लुई वुइटन, फेंडी और मार्क जैकब्स (कपड़े) और रिहाना द्वारा फेंटी ब्यूटी (मेक-अप) सहित समूह में लगभग 70 कंपनियां बर्नार्ड अरनॉल्ट के पास हैं। बर्नार्ड अरनॉल्ट का जन्म फ्रांस के रूबैक्स में एक औद्योगिक परिवार में हुआ था। उन्होंने एक इंजीनियर के रूप में अपना प्रोफेशनल करियर शुरू किया और 1978 में अपनी कंपनी के चेयरमैन बने। फिर साल 1984 में, उन्होंने Financière Agache Holding Company का पुनर्गठन किया।

व्यापार को बनाया मुनाफे का कारोबार
LVMH वेबसाइट के मुताबिक, "उन्होंने अपने ग्रुप को एक बार फिर से मुनाफा वाले व्यापार की तरफ मोड़ दिया और उसके बाद उन्होंने दुनिया की अग्रणी लक्जरी उत्पाद कंपनी विकसित करने की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया। इस प्रक्रिया में, उन्होंने क्रिश्चियन डायर को नए संगठन की आधारशिला के रूप में फिर से स्थापित किया।" साल 1989 में वह LVMH Moët Hennessy - Louis Vuitton कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारक बन गए। तब से वह कंपनी के अध्यक्ष और सीईओ हैं। उनके चार बच्चे भी इस समूह के अंतर्गत आने वाली विभिन्न कंपनियों में शामिल हैं।

ट्विटर ने एलन मस्क को पहुंचाया नुकसान
टेस्ला के शेयरधारकों के मुताबिक, ट्विटर खरीदने की वजह से एलन मस्क को अपने टेस्ला के शेयर्स बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा और इसकी वजह से टेस्ला के स्टॉक की वैल्यू में भी कमी आई। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने टेस्ला कंपनी में अपनी खुद के 20 मिलियन शेयर बेचे, जिसका कुल वैल्यू 4 अरब डॉलर के करीब था। हालांकि, पिछले हफ्ते आई फोर्ब्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि, टेस्ला, ट्विटर, स्पेसएक्स, न्यूरालिंक और द बोरिंग कंपनी के मालिक एलन मस्क बहुत जल्द फिर से अपना नंबर-1 का स्थान वापस अपने नाम कर सकते हैं। पिछले हफ्ते फोर्ब्स की रिपोर्ट में एलन मस्क की कुल संपत्ति 184.6 अरब डॉलर आंकी गई थी।

लंबे समय से नंबर-1 थे एलन मस्क
एलन मस्क ने सितंबर 2021 में दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी का खिताब अपने नाम किया था और उस वक्त उन्होंने अमीरों की सूची में अमेज़ॅन के संस्थापक जेफ बेजोस को हटा दिया था। वहीं, साल 2022 की शुरूआत में एलन मस्क की कुल संपत्ति 200 अरब डॉलर को पार कर गई, लेकिन उसके बाद टेस्ला के शेयर्स में आई गिरावट के बाद एलन मस्क की संपत्ति भी कम हो गई। आपको बता दें कि, एलन मस्क अपनी कंपनी से सैलरी नहीं लेते हैं, बल्कि उन्हें सैलरी के तौर पर कंपनी के शेयर्स मिलते हैं और शेयर्स के हिसाब से तय होता है, कि एलन मस्क के पास कितनी संपत्ति है। टेस्ला कंपनी का सबसे बड़ा बाजार चीन है और कोविड की वजह से चीन में पिछले कुछ महीनों से कारोबार काफी प्रभावित रहा है, जिसकी वजह से टेस्ला का कारोबार काफी प्रभावित हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications