Elon Musk का OpenAI को खरीदने के लिए 97.4 अरब डॉलर का ऑफर, ऑल्टमैन का करारा जवाब- 'हम X खरीद लेंगे'
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने OpenAI को खरीदने के लिए 97.4 अरब डॉलर की बोली लगाई है। मस्क की अगुवाई में एक निवेशकों के समूह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल ChatGPT की पैरेंट कंपनी OpenAI को खरीदने के लिए लगभग 97.4 अरब डॉलर की पेशकश की है।

एलन मस्क के इस ऑफर पर OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। एलन मस्क के OpenAI को खरीदने वाले प्रोजेक्ट पर ऑल्टमैन भड़क उठे। इस प्रोजेक्ट को लेकर टेस्ला के मालिक एलन मस्क और OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन आमने सामने हो गए हैं।
OpenAI को क्यों खरीदना चाहते हैं मस्क?
बता दें कि मस्क ने 2015 में OpenAI की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी। मस्क ने 2015 में OpenAI को शुरू करने में बड़ा योगदान दिया था। लेकिन अब वह इस संस्था को उसके मूल उद्देश्य एक गैर-लाभकारी शोध संस्थान के रूप में फिर से स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी योजना है कि OpenAI अब AI क्षेत्र में लाभ कमाने की बजाय शोध और विकास पर ध्यान केंद्रित करे। इसलिए मस्क की AI कंपनी xAI और अन्य निवेश फर्मों का ग्रुप OpenAI को खरीदना चाहता है। हालांकि, उनके इस ऑफर से दोनों के बीच कानूनी खींचतान और तेज होने की संभावना है।
OpenAI के CEO का मस्क को करारा जवाब
OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन (Sam Altman) ने एलन मस्क के प्रस्ताव पर तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मस्क के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। मस्क को जवाब देते हुए उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "नहीं धन्यवाद, लेकिन अगर आप चाहें तो हम ट्विटर को 9.74 अरब डॉलर में खरीद सकते हैं।" गौरतलब है कि मस्क ने 2022 में ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदा था और अब उसे X के नाम से जाना जाता है। इस ट्वीट के बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। ऑल्टमैन के एक्स को खरीदने वाले ट्वीट पर मस्क ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए "धोखेबाज" करार दिया और एक वीडियो शेयर किया। जिसमें लिखा था "स्कैम ऑल्टमैन।"
कब और कैसे हुई थी OpenAI की शुरुआत?
मस्क और ऑल्टमैन ने मिलकर 2015 में OpenAI की शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद दोनों के बीच इसके नेतृत्व को लेकर मतभेद बढ़ने लगे। 2018 में मस्क ने OpenAI के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया था, और तब से ही दोनों के बीच संस्थान की दिशा को लेकर विवाद जारी है।
मस्क-ऑल्टमैन के बीच टकराव
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद AI के क्षेत्र में अमेरिका की अग्रणी स्थिति बनाने के लिए 500 अरब डॉलर (लगभग 43 लाख करोड़ रुपये) के निवेश की घोषणा की गई। इस निवेश का उद्देश्य AI के लिए जरूरी इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करना और वैश्विक स्तर पर अमेरिका की प्रभावशाली स्थिति बनाना है।
एलन मस्क और सैम ऑल्टमैन इस बड़े निवेश प्रोजेक्ट के खिलाफ खड़े हो गए हैं। मस्क ने सॉफ्टबैंक की क्षमता पर सवाल उठाए हैं, जबकि ऑल्टमैन ने मस्क के आकलन को गलत बताते हुए स्टारगेट AI प्रोजेक्ट का समर्थन किया है। ऑल्टमैन इस प्रोजेक्ट के एक प्रमुख साझेदार हैं, जबकि मस्क ट्रंप प्रशासन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कई निवेश फर्में का समर्थन
एलन मस्क और उनकी AI कंपनी xAI के साथ इस बोली का समर्थन करने वालों में कई प्रमुख निवेश फर्में शामिल हैं, जैसे बैरन कैपिटल ग्रुप, वेलोर मैनेजमेंट, एट्रेड्स मैनेजमेंट, वीवाई फंड, इमैनुएल कैपिटल मैनेजमेंट और ऐट पार्टनर्स वीसी।












Click it and Unblock the Notifications