Trump Medical Report: ट्रंप का दिल निकला उम्र से 14 साल 'जवान', व्हाइट हाउस की रिपोर्ट देख पूरी दुनिया हैरान
Donald Trump Medical Report: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले महीने 80 साल के होने जा रहे हैं, लेकिन उनकी ताजा मेडिकल रिपोर्ट ने सभी का ध्यान खींच लिया है। व्हाइट हाउस द्वारा जारी हेल्थ रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप का दिल उनकी वास्तविक उम्र से 14 साल छोटा है।
डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हार्ट, फेफड़ों और दिमाग से जुड़ी सेहत अच्छी है और वह राष्ट्रपति की जिम्मेदारियां निभाने के लिए पूरी तरह फिट हैं। हालांकि रिपोर्ट में बढ़ते वजन, पैरों में सूजन और लाइफस्टाइल को लेकर कुछ सलाह भी दी गई है। आइए जानते हैं रिपोर्ट की बड़ी बातें।

ट्रंप की 'कार्डियक एज' ने सबको चौंकाया
व्हाइट हाउस के डॉक्टर शॉन बारबाबेला के अनुसार ट्रंप की कार्डियक एज यानी उनके दिल की वास्तविक उम्र उनकी असली उम्र से 14 साल कम है। यह आकलन इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम और अन्य हार्ट टेस्ट के आधार पर किया गया है। 79 साल की उम्र में भी उनका दिल अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में बताया गया है। यही वजह है कि मेडिकल टीम ने उनकी कार्डियोवैस्कुलर हेल्थ को मजबूत माना है। यह रिपोर्ट ट्रंप की फिटनेस को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आई है।
ये भी पढे़ं: Hormuz Crisis: ओमान का सरेंडर! ट्रंप के डर से रद्द हुआ टोल टैक्स का प्लान, दुनिया ने ली राहत
कौन-कौन सी दवाएं ले रहे हैं ट्रंप?
मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप फिलहाल तीन प्रमुख दवाएं ले रहे हैं। 'रोसुवास्टैटिन' और 'एजेटिमिब' कॉलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए दी जा रही हैं। इसके अलावा लो-डोज एस्पिरिन हार्ट से जुड़ी परेशानियों के जोखिम को कम करने के लिए दी जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि ये दवाएं उम्र बढ़ने के साथ आम तौर पर कई लोगों को दी जाती हैं। रिपोर्ट में किसी गंभीर बीमारी या बड़े हेल्थ रिस्क का जिक्र नहीं किया गया है।
वजन बढ़ा, डॉक्टर ने दी खास सलाह
रिपोर्ट के अनुसार ट्रंप का वजन अब करीब 108 किलो पहुंच गया है। पिछले साल की तुलना में उनका वजन बढ़ा है। उनकी लंबाई 6 फीट 3 इंच बताई गई है। डॉक्टरों ने उन्हें वजन कम करने, हेल्दी डाइट अपनाने और ज्यादा फिजिकल एक्टिविटी करने की सलाह दी है। साथ ही हार्ट हेल्थ और वेट मैनेजमेंट को लेकर काउंसलिंग भी की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती उम्र में वजन कंट्रोल रखना लंबी अवधि की सेहत के लिए जरूरी होता है।
पैरों की सूजन और हाथों के निशानों पर क्या बोला व्हाइट हाउस?
पिछले कुछ महीनों से ट्रंप के पैरों में सूजन और हाथों पर दिख रहे निशानों को लेकर चर्चा हो रही थी। रिपोर्ट में कहा गया कि उन्हें 'क्रॉनिक वेनस इनसफिशिएंसी' नाम की उम्र से जुड़ी सामान्य समस्या है, जिससे पैरों में ब्लड फ्लो प्रभावित हो सकता है। वहीं हाथों पर दिख रहे निशानों की वजह बार-बार लोगों से हाथ मिलाना और एस्पिरिन का इस्तेमाल बताया गया है। डॉक्टरों ने कहा कि यह कोई गंभीर मेडिकल चिंता का विषय नहीं है।
ये भी पढ़ें: Iran America War: ईरान से जंग में बर्बाद अमेरिका! महंगाई-बेरोजगारी ने तोड़ा रिकॉर्ड, जाएगी ट्रंप की सत्ता?
22 डॉक्टरों ने की जांच, फिटनेस को बताया शानदार
ट्रंप का मेडिकल चेकअप वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में किया गया। इस दौरान 22 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उनकी जांच की। टेस्ट में CT स्कैन, हार्ट इमेजिंग, कैंसर स्क्रीनिंग और कई अन्य प्रिवेंटिव चेकअप शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी याददाश्त, फैसले लेने की क्षमता और फिजिकल परफॉर्मेंस बेहतरीन है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार मीटिंग्स, सार्वजनिक कार्यक्रम और व्यस्त दिनचर्या उनकी एक्टिव लाइफस्टाइल को दर्शाती है, जो उनकी ओवरऑल फिटनेस को सपोर्ट करती है।












Click it and Unblock the Notifications