Donald Trump: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश, गोली चलाने वाला था स्नाइपर
Donald Trump: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश की गई है और पेंसिल्वेनिया के बटलर में चुनावी कैम्पेन के बीच उनपर गोली चलाई गई है। हालांकि, उनके चुनावी कैम्पेन टीम ने कहा है, कि वो ठीक हैं। हालांकि, उनके चेहरे से खून टपकता हुआ देखा गया है।
रैली की भीड़ से गोली चलने की आवाज आने के बाद डोनाल्ड ट्रंप को मंच से फौरन उतार दिया गया और उनकी कैम्पेन टीम के प्रवक्ता स्टीवन चेउंग ने एक बयान में कहा, "राष्ट्रपति ट्रम्प ने इस जघन्य कृत्य के दौरान त्वरित कार्रवाई के लिए कानून प्रवर्तन और फर्स्ट रिस्पाउंडर्स को धन्यवाद दिया।"

उन्होंने कहा, कि "वे ठीक हैं और स्थानीय चिकित्सा सुविधा में उनकी जांच की जा रही है। अधिक जानकारी बाद में दी जाएगी।"
आपको बता दें, कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जो राष्ट्रपति चुनाव के लिए संभावित रिपब्लिकन उम्मीदवार हैं, वो सोमवार को रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन के शुरू होने से पहले अपनी आखिरी रैली के दौरान सीमा पार करने वालों की संख्या का एक चार्ट दिखा रहे थे, तभी भीड़ में धमाके होने लगे।
स्नाइपर ने चलाई थी गोली
CNN के मुताबिक, तीन कानून प्रवर्तन सूत्रों ने पुष्टि की है, कि शूटर पेनसिल्वेनिया में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की रैली में कार्यक्रम स्थल के बाहर मौजूद था। उनमें से दो सूत्रों का कहना है, कि शूटर कार्यक्रम स्थल के बाहर एक छत पर था। कई कानून प्रवर्तन सूत्रों ने इस व्यक्ति को स्नाइपर बताया है, हालांकि इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।
बटलर काउंटी के जिला अटॉर्नी रिचर्ड गोल्डिंगर ने कहा है, कि उन्हें उनके मुख्य जासूस ने बताया है, कि शूटर एक भवन में था, लेकिन उनके पास उस व्यक्ति के बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, शूटर डोनाल्ड ट्रंप से कुछ सौ गज की दूरी पर था और उसके पास राइफल हो सकती है।
वहीं, सीक्रेट सर्विस के एक सूत्र के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रम्प की रैली में गोलीबारी करने वाले को सीक्रेट सर्विस ने मार गिराया है। इस घटना के दौरान शूटर के अलावा रैली में मौजूद एक और शख्स की मौत हो गई है।
क्या हत्या की कोशिश की गई है?
उन्होंने कहा, कि "सबसे बड़ी बात यह है, कि ट्रम्प की रैली... बिना किसी समस्या के शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जानी चाहिए थी। अमेरिका में इस तरह की राजनीतिक हिंसा, बिल्कुल भी उचित नहीं है।" बाइडेन ने डेलावेयर से बोलते हुए कहा, कि "हर किसी को इसकी निंदा करनी चाहिए। हर किसी को।"
उन्होंने कहा कि "संघीय सरकार की हर एजेंसी" मामले की जांच कर रही है और उन्हें नवीनतम रिपोर्ट प्रदान कर रही है।
राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा, कि उनके पास इस बारे में "एक राय" है कि क्या पेंसिल्वेनिया में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की रैली में गोलीबारी एक हत्या का प्रयास था, लेकिन उनके पास टिप्पणी करने के लिए पर्याप्त तथ्य फिलहाल नहीं हैं।
उन्होंने कहा, कि "मुझे पर्याप्त जानकारी नहीं है - मेरे पास एक राय है, लेकिन मेरे पास कोई तथ्य नहीं है।" बाइडेन ने शनिवार शाम को डेलावेयर के रेहोबोथ बीच से टिप्पणी करते हुए कहा, कि "मैं यह सुनिश्चित करना चाहता हूं, कि कोई टिप्पणी करने से पहले हमारे पास सभी तथ्य हों, सिर्फ टिप्पणी नहीं।"












Click it and Unblock the Notifications