Donald Trump: 50 साल में 15 लाख हत्याएं, जानें कैसे गन कल्चर से कराह रहा US, ट्रंप जैसे लोग ही हैं जिम्मेदार
Donald Trump News: अमेरिका के पेंसिलवेनिया के बटलर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रैली में गोली चली है और माना जा रहा है, कि डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश की गई थी, जो नाकाम हो गई है। राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा है, कि ये हत्या की कोशिश को लेकर कोई राय हो सकती है, लेकिन फिलहाल उनके पास तथ्य नहीं हैं।
फायरिंग के बाद डोनाल्ड ट्रंप के चेहरे पर खून लगा हुआ देखा गया है। इंटरनेशनल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआती तेज धमाकों के बाद डोनाल्ड ट्रंप जमीन पर गिर पड़े और वो घायल लग रहे थे। कई दर्शकों में चीख-पुकार मच गई, और फौरन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें घेर लिया और उन्हें मंच से उतार दिया।

वहीं, ट्रंप भीड़ की ओर चिल्लाते हुए दिखाई दिए और वो हाथ उछालकर भीड़ से कुछ कह रहे थे।
अमेरिका का खतरनाक गन कल्चर
हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप की जान बच गई है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर से अमेरिका के खतरनाक गन कल्चर की हकीकत को दुनिया के सामने ला दिया है। पिछले 50 सालों में अमेरिका में गन कल्चर की वजह से 15 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। अमेरिका में हर दूसरे दिन कहीं ना कहीं फायरिंग की जाती है और कई लोगों की हत्या कर दी जाती है।
अमेरिका में गन कल्चर काफी खतरनाक बन चुका है। हालांकि, जो बाइडेन प्रशासन ने गन कल्चर को लेकर सख्त कानून भी बनाए, लेकिन वो भी हथियार माफिया पर लगाम नहीं लगा पाए। बाइडेन का कानून भी गन कल्चर के आगे कराह रहा है।
सिर्फ आंकड़ों की बात करें, तो साल 2022 में अमेरिका में मास शूटिंग की कुल 647 घटनाएं दर्ज की गई थीं। यानि, हर महीने 53 फायरिंग, यानि हर दिन अमेरिका में दो जगहों पर मास शूटिंग की जाती है। अमेरिका में 2022 में मास शूटिंग में पिछले साल करीब 45 हजार लोग मारे गये, जिनमें से 6,000 से ज्यादा बच्चे थे।
अमेरिका में नागरिकों से ज्यादा बंदूकें
स्विस रिसर्च परियोजना स्मॉल आर्म्स सर्वे की रिपोर्ट में कहा गया है, कि अमेरिका दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है, जहां नागरिकों की तुलना में बंदूकों की संख्या ज्यादा है। साल 2021 की रिपोर्ट में बताया गया है, कि अमेरिका में हर 100 अमेरिकियों के पास 120 बंदूकें हैं। जबकि, 2011 में ये आंकड़ा 88 था, यानि साफ है, कि अभी भी अमेरिका में बंदूकों का कारबोर थमा नहीं है, जबकि बाइडेन प्रशासन ने 2022 में ही कानून बनाया था।
रिपोर्ट में अमेरिका के गन कल्चर पर काफी डरावनी बातें कही गई हैं। रिपोर्ट में बताया गया है, कि साल 2022 में अमेरिका में 45 फीसदी नागरिकों के पास बंदूकें हैं। यानि, जिस समाज में 45 प्रतिशत लोगों के हाथों में बंदूक हो, वो समाज कितना खतरनाक हो सकता है, इसका अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता है, क्योंकि किस शख्स के दिमाग में किस वक्त क्या आ जाएगा, उसे कौन समझ पाएगा।
50 साल पहले अमेरिका में करीब 37 प्रतिशत लोगों के पास बंदूके थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, 1972 में अमेरिका में 9 करोड़ बंदूकें थीं। अभी का आंकड़ा करीब करीब 40 करोड़ के आसपास है।
अमेरिका की जनसख्या 33 करोड़ है और लोगों के पास 40 करोड़ बंदूके हैं। 1968 से 2017 तक के 50 सालों में अमेरिका में गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 15 लाख लोगों की मौत हो चुकी है।
अमेरिका में हर मास शूटिंग की घटनाओं के बाद बड़े पैमाने पर बंदूक नियंत्रण का मुद्दा राजनीति और मीडिया में उछलता है लेकिन इसका अब तक कोई भी फायदा देखने को नहीं मिला है। जो अमेरिका सबसे अधिक मानवाधिकार-मानवाधिकर पर शोर मचाता है, उसी के देश में कब, किस इंसान की गोली मारकर हत्या कर दी जाए, कोई नहीं जानता।
डोनाल्ड ट्रंप कर चुके हैं गन कल्चर का समर्थन
अमेरिका भले ही दुनिया में सबसे प्रगतिशील देश होने का दंभ भरता हो, लेकिन गन कल्चर को कंट्रोल करने में वो बुरी तरह से नाकाम रहा है। इसके पीछे यहां का बनाया गया कल्चर, बंदकू कंपनियों की तगड़ी लॉबी और राजनीति जिम्मेदार है।
अमेरिका के दर्जनों राष्ट्रपतियों ने गन कल्चर की वकालत की है। राष्ट्रपतियों ने सख्त बंदूक कानून बनाने का विरोध किया है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी उनमें शामिल हैं। 2022 में जब राष्ट्रपति जो बाइडेन ने लोगों की पहुंच से बंदूक को दूर रखने के लिए कानून बनाना शुरू किया, तो गन लॉबी ने उनका तगड़ा विरोध किया था। हालांकि, बाइडेन प्रशासन कानून बनाने में कामयाब रहा, लेकिन अभी तक लोगों के हाथ में बंदूक जाने कम नहीं हुए हैं और ना ही लोगों का मरना ही कम हुआ है।
बंदूक बनाने वाली कंपनियों का अमेरिका की राजनीति में गहरा दखल है। 2019 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 63 हजार लाइसेंस्ड गन डीलर थे, जिन्होंने उस साल अमेरिकी नागरिकों को 83 हजार करोड़ रुपए की बंदूकें बेची थीं। जाहिर है राजनीति में पैसे का प्रवाह बनाए रखने में ये बंदूक बनाने वाली कंपनियां मददगार साबित होती हैं।
आपको बता दें, कि साल 1791 में अमेरिका में संविधान के दूसरे संशोधन के तहत अमेरिकी नागरिकों को हथियार रखने और खरीदने का अधिकार दिया गया था। बताया जाता है, कि ऐसा गन लॉबी की वजह से किया गया था, जिसका खामियाजा पूरा देश भुगत रहा है और कोई भी सनकी, ताबड़तोड़ फायरिंग कर कई लोगों को मौत के घाट उतार देता है।












Click it and Unblock the Notifications