US Military Budget: ‘ड्रीम मिलिट्री’ के लिए ट्रंप का बड़ा दांव, अमेरिकी रक्षा बजट को 50% बढ़ाने का ऐलान
US Military Budget 2027: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साल 2027 के लिए अमेरिकी सैन्य बजट को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक चुनौतियों और सुरक्षा हालात को देखते हुए अब सैन्य बजट 1 ट्रिलियन डॉलर नहीं बल्कि 1.5 ट्रिलियन डॉलर होना चाहिए।
ट्रंप के मुताबिक यह फैसला सीनेटरों, सांसदों, मंत्रियों और अन्य राजनीतिक प्रतिनिधियों के साथ लंबे और कठिन विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।

'ड्रीम मिलिट्री' बनाने का दावा
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि बढ़ा हुआ बजट अमेरिका को एक "ड्रीम मिलिट्री" देगा, जिससे देश किसी भी दुश्मन के खिलाफ पूरी तरह सुरक्षित और मजबूत रहेगा। उन्होंने कहा कि आज दुनिया बेहद अशांत और खतरनाक दौर से गुजर रही है, ऐसे में राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सैन्य ताकत को और मजबूत करना जरूरी हो गया है।
टैरिफ से मिली कमाई का हवाला
अपने बयान में ट्रंप ने एक बार फिर टैरिफ (शुल्क) नीति का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि अन्य देशों पर लगाए गए टैरिफ से अमेरिका को भारी राजस्व मिला है और उसी की बदौलत सैन्य बजट में इतनी बड़ी बढ़ोतरी संभव हो पाई है। ट्रंप ने कहा कि अगर टैरिफ से इतनी आय नहीं होती, तो वह सैन्य बजट को 1 ट्रिलियन डॉलर तक ही सीमित रखते। उनके मुताबिक, टैरिफ से होने वाली कमाई न सिर्फ सेना को मजबूत करने में मदद करेगी, बल्कि राष्ट्रीय कर्ज कम करने और अमेरिकी नागरिकों को आर्थिक लाभ देने में भी सहायक होगी।
पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार के समय अमेरिका में ऐसी आर्थिक मजबूती नहीं थी। ट्रंप ने मौजूदा आय को देश की मजबूत अर्थव्यवस्था का संकेत बताया। ट्रंप का कहना है कि बढ़े हुए सैन्य बजट के बावजूद अमेरिका राष्ट्रीय कर्ज कम करने में सक्षम होगा और मध्यम आय वर्ग के नागरिकों को आर्थिक लाभ भी दिया जाएगा।
हालिया सालों में तेजी से बढ़ा रक्षा बजट
डोनाल्ड ट्रंप की यह घोषणा बड़ी जरूर है, लेकिन हाल के वर्षों में अमेरिकी रक्षा बजट लगातार बढ़ता रहा है। साल 2021 में रक्षा बजट 721 अरब डॉलर था, जो 2025 तक बढ़कर 901 अरब डॉलर पहुंच गया। यह ऐलान ऐसे समय में हुआ है जब ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका ने वैश्विक स्तर पर सैन्य गतिविधियां तेज कर दी हैं। हाल ही में अमेरिका ने उत्तरी अटलांटिक में रूस के झंडे वाले एक तेल टैंकर को भी जब्त किया है।
वैश्विक स्तर पर बढ़ी सैन्य गतिविधियां
सैन्य बजट बढ़ाने की घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका ने वैश्विक स्तर पर अपनी सैन्य गतिविधियां तेज कर दी हैं। हाल ही में अमेरिका ने उत्तरी अटलांटिक महासागर में रूस के झंडे वाले एक तेल टैंकर को जब्त किया है।
इस कार्रवाई के बाद वॉशिंगटन और मॉस्को के बीच तनाव बढ़ गया है। रूस ने इस जब्ती की कड़ी निंदा करते हुए इसे "समुद्री डकैती" करार दिया है। हालांकि, इस प्रस्तावित बजट को लेकर अमेरिकी संसद में आगे व्यापक बहस और राजनीतिक टकराव की संभावना जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications