Sri Lanka Blast: हमलों में डेनमार्क के सबसे अमीर शख्स के तीन बच्चों की मौत, कई मशहूर फैशन ब्रांड्स के हैं मालिक
Recommended Video
कोलंबो। रविवार को ईस्टर के मौके पर श्रीलंका में हुए ब्लास्ट्स में डेनमार्क के सबसे अमीर व्यक्ति एंडर्स होल्च पोवल्सन और उनकी पत्नी को जिंदगी भर का नुकसान हुआ है। उन्होंने अपने चार में से तीन बच्चों को इन ब्लास्ट्स में गंवा दिया है। पोवल्सन की फैशन कंपनी के प्रक्ता की ओर से सोमवार को इसकी पुष्टि की गई है। प्रवक्ता ने इसके अलावा कोई और जानकारी देने से इनकार कर दिया लेकिन डेनिश मीडिया की ओर से कहा गया है कि पोवल्सन फैमिली श्रीलंका में छुट्टियां बिताने गई थी।

वीरो मोडा जैसे ब्रांड के मालिक
श्रीलंका में एक के बाद एक हुआ आठ बम धमाकों में कोलंबा के लग्जरी होटल्स और चर्चों को निशाना बनाया गया है। इन हमलों में 290 लोगों की मौत हो गई है और 500 से ज्यादा लोग घायल हैं। सोमवार को श्रीलंका के जांचकर्ता की ओर से कहा गया है कि हमलों को सात आत्मघाती हमलावरों ने अंजाम दिया था। पोवल्सन फैशन फर्म बेस्टसेलर के मालिक हैं जिसके तहत वीरो मोडा और जैक एंड जोंस जैसे ब्रांड्स आते हैं।

स्कॉटलैंड में लाखों एकड़ जमीन
वह ऑनलाइन शॉपिंग साइट एसॉस में भी शेयरों की बड़ी हिस्सेदारी रखते हैं। इसके अलावा जालांडो में भी उनकी अहम साझेदारी है। फोब्स की ओर से बताया गया है कि वह स्कॉटलैंड में जितनी जमीन है, उसमें भी एक प्रतिशत की हिस्सेदारी रखते हैं। स्कॉटलैंड में जमीन खरीदने के साथ ही वह इतिहास सबसे बड़ी खरीदार के तौर पर दर्ज हो गए थे। पोवल्सन करीब 800 करोड़ रुपयों के मालिक हैं। पोवल्सन और उनकी पत्नी ऐन के पास 200,000 एकड़ की जमीन है और दोनों अपने पास मौजूद जमीन को आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित करके रखना चाहते हैं।

परिवार की निजता का ध्यान रखने की अपील
पोवल्सन की कंपनी के कम्यूनिकेशन मैनेजर जेस्पर स्टूबिकर की ओर से कहा गया है, 'मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि तीनों बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा हमारे पास अभी कहने को कुछ नहीं है और हम अनुरोध करते हैं कि इस मौके पर परिवार की निजता का ध्यान रखा जाए।'

श्रीलंका में लगा आपातकाल
सोमवार को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में एक चर्च के करीब एक और धमाका हुआ है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक यह धमाका बम को डिफ्यूज करते समय हुआ है। सोमवार आधी रात से श्रीलंका में राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने देश में आपातकाल लगाने का ऐलान किया है। श्रीलंका की सरकार का मानना है कि हमलों को एक स्थानीय आतंकी संगठन जिसे नेशनल तौहीद जमात (एनटीजे) के नाम से जानते हैं, उसने ही अंजाम दिया है।
यह भी पढ़ें-लोकसभा चुनावों के तीसरे चरण के मतदान से जुड़ी हर खबर के लिए यहां क्लिक करें
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications