Defence News: कार बनाने वाली Renault अब बनाएगी जंग लड़ने वाले ड्रोन, लेकिन इससे क्यों घबरा रहे लोग?
Defence News: फ्रांस की ऑटोमोबाइल कंपनी रेनॉल्ट अब सिर्फ कारें ही नहीं, बल्कि युद्ध में इस्तेमाल होने वाले ड्रोन भी बनाने जा रही है। रेनॉल्ट ने फ्रांस के डिफेंस कॉन्ट्रेक्टर टर्गिस गाइलार्ड के साथ मिलकर लंबी दूरी के स्ट्राइक ड्रोन बनाने का ऐलान किया है। ये ड्रोन ईरान के शाहेद ड्रोन जैसे होंगे, जिन्हें कम लागत में तैयार किया जाता है और जो युद्ध के दौरान आत्मघाती हमलों, निगरानी और टोही के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। इस कदम को फ्रांस की रक्षा ताकत बढ़ाने की दिशा में बड़ा फैसला माना जा रहा है।
€1 बिलियन तक का डिफेंस कॉन्ट्रैक्ट
यह पूरा प्रोजेक्ट फ्रांस के डायरेक्टरेट जनरल फॉर आर्मामेंट (DGA) यानी सामरिक महानिदेशालय के कॉन्ट्रैक्ट के तहत पूरा किया जाएगा। यह समझौता 10 साल की अवधि में €1 बिलियन (करीब 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर) तक का हो सकता है।

फ्रांस में ही होंगे ड्रोन तैयार
L'Usine Nouvelle की रिपोर्ट के अनुसार, रेनॉल्ट इन ड्रोन का निर्माण फ्रांस में स्थित अपने दो बड़े प्लांट्स में करेगी। ले मैन्स स्थित फैक्ट्री में ड्रोन का चेसिस यानी ढांचा तैयार किया जाएगा, जबकि पेरिस के पश्चिम में स्थित क्लेओन फैक्ट्री में ड्रोन के इंजन बनाए जाएंगे। इससे साफ है कि यह प्रोजेक्ट पूरी तरह 'मेड इन फ्रांस' होगा।
10 मीटर विंगस्पैन और कम लागत में उत्पादन
फ्रेंच अखबार ला ट्रिब्यून के मुताबिक, रेनॉल्ट और टर्गिस गाइलार्ड द्वारा बनाए जाने वाले इन ड्रोन के पंखों का फैलाव करीब 10 मीटर होगा। खास बात यह है कि इन्हें 'बेहद कम कीमत' पर तैयार किया जाएगा, जिससे ये ड्रोन अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मजबूत विकल्प बन सकते हैं।
फ्रांसीसी सरकार ने खुद किया संपर्क
रेनॉल्ट के चीफ ग्रोथ ऑफिसर फैब्रिस कैम्बोलाइव ने BFM TV को दिए इंटरव्यू में पुष्टि की कि फ्रांसीसी सरकार ने खुद कंपनी से संपर्क किया था। उन्होंने बताया, 'कुछ महीने पहले फ्रांसीसी सशस्त्र बल मंत्रालय ने हमसे संपर्क किया था ताकि फ्रांस में एक मजबूत ड्रोन इंडस्ट्री विकसित की जा सके।'
ऑटोमोबाइल एक्सपर्टीज़ अब डिफेंस में
कैम्बोलाइव ने आगे कहा कि रेनॉल्ट की इंडस्ट्रियल, प्रोडक्शन और डिजाइन क्षमता को देखते हुए कंपनी को इस प्रोजेक्ट के लिए चुना गया। उन्होंने साफ किया कि यह प्रोजेक्ट फिलहाल प्रगति पर है और इसमें रेनॉल्ट की बड़े पैमाने पर उत्पादन करने की ताकत का पूरा इस्तेमाल किया जाएगा।
शाहेद ड्रोन क्यों है इतना चर्चा में?
शाहेद ड्रोन एक कम लागत वाला ड्रोन है, जिसे अमेरिका पहले ही रिवर्स-इंजीनियर कर चुका है। रूस ने यूक्रेन युद्ध में इन ईरानी डिजाइन वाले शाहेद ड्रोन का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया है। इन ड्रोन का उपयोग आम नागरिक इलाकों को डराने और नुकसान पहुंचाने के लिए किया गया, जिसकी वजह से ये दुनिया भर में चर्चा का विषय बने। यही वजह है कि जब रेनॉल्ट द्वारा इन्हें बनाने की खबर बाहर आई तो लोगों ने पूछना शुरू कर दिया कि अब ये किस देश के नागरिकों के लिए खतरा बनने वाले हैं। यही अब लोगों में घबराहट का कारण भी है।
मैक्रों का 'वॉर इकोनॉमी' प्लान
हाल के महीनों में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बढ़ते वैश्विक तनाव का हवाला देते हुए फ्रांस की रक्षा इंडस्ट्री से 'युद्ध अर्थव्यवस्था' अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि मौजूदा हालात में उत्पादन की रफ्तार बहुत धीमी है और इसे तेज और ज्यादा प्रभावी बनाना होगा।
फिर भी कारें ही रहेंगी रेनॉल्ट की पहचान
हालांकि, फैब्रिस कैम्बोलाइव ने साफ किया कि रेनॉल्ट का मुख्य फोकस ऑटोमोटिव बिजनेस ही रहेगा। ड्रोन प्रोजेक्ट के बावजूद कंपनी का प्राथमिक योगदान वैश्विक कार बाजार में ही बना रहेगा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications