इटली भूकंप: मरने वालों की संख्या हुई 247, सैकड़ों लापता
रोम। इटली में बुधवार की सुबह बहुत ही जोरदार भूकंप आया था, जिससे अब तक 247 लोगों की मौत हो चुकी है। इस भूकंप की तीव्रता करीब 6.2 मापी गई थी, जिसने इटली को दहला के रख दिया है। इस भूकंप के बाद से सैकड़ों लोग लापता हैं।

इटली में आए इस भूकंप से कई शहर प्रभावित हुए हैं, जिनमें उम्ब्रिया, मारचे और जालियो प्रमुख हैं। इसके अलावा एमाट्रिस, एकुमोली और अरकाटा डेल टोरंटो गांवों के आसपास सबसे अधिक लोगों के मारे जाने की खबर है।
कोई भारतीय हताहत नहीं
जैसे ही इस भूकंप की खबर फैली तो भारत के बहुत से लोग इटली में रह रहे अपने परिजनों की फिक्र करने लगे। लोगों की इस फिक्र पर उन्हें राहत पहुंचाते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया और बताया कि इटली में आए इस भूकंप से अभी तक किसी भी भारतीय के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
भूकंप से गिरे मलबे में बहुत से लोग दबे हुए हैं, जिन्हें निकालने का काम लागातर चल रहा है। आपको बता दें कि 2009 में भी इटली में भूकंप आया था, लेकिन इस बार के भूकंप की तीव्रता उससे कहीं अधिक है। 2009 के उस भूकंप में ला अकिला शहर के आसपास करीब 300 लोगों की मौत हो गई थी।

भूकंप आते ही भागने लगे थे लोग
जैसे ही इटली में आधी रात के बाद भूकंप के ये झटके लगे, तो लोगों में दहशत फैल गई और वे बेतहाशा घरों से निकलकर भागने लगे। बहुत सी इमारतें इस भूकंप में गिर गई हैं। कुछ लोग बच निकलने में कामयाब रहे तो कुछ लोग मारे गए। बहुत से ऐसे लोग भी हैं जो मलबे में दबे हुए हैं और मदद का इंतजार कर रहे हैं।
इस भूकंप का केन्द्र रोम के उत्तर पश्चिम में करीब 170 किलोमीटर दूर नोर्सिया में बताया जा रहा है। यूएस जिओलॉजिकल सर्वे के मुताबिक इस भूकंप का केन्द्र धरती के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई में था। आपको बता दें कि 6.2 की तीव्रता के भूकंप के बाद उन्हीं जगहों पर 5.5 तीव्रता के ऑफ्टरशॉक (भूकंप के बाद लगने वाले झटके) भी महसूस किए गए।












Click it and Unblock the Notifications