Covid 19: अमेरिका में पिछले 24 घंटों में 3176 कोरोना संक्रमितों की मौत
वॉशिंगटन डीसी। कोरोना वायरस का तांडव लगातार अमेरिका में जारी है, कोविड 19 की वजह से अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 3176 लोगों की मौत हुई है, इसके साथ ही यहां पर मरने वालों की संख्या 50000 के करीब पहुंच गई है, जिस तरह से यहां कोरोना वायरस से लोगों की मौत हो रही है, उसने यहां के हालात को काफी गंभीर कर दिए हैं। वहीं, एक दिन में कोरोना से 3176 लोगों की मौत से गुरुवार का दिन अमेरिका के लिए सबसे घातक बन गया है।

बता दें कि पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी से जूझ रही है। दुनियाभर में इसके मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दुनियाभर में अब तक कोरोना से 26 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और 1 लाख 84 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। भारत में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या 21700 हो गई है और 686 लोगों की मौत हुई है। देश में इस समय 16454 एक्टिव केस हैं। 4257 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले हफ्ते डब्लूएचओ की आर्थिक मदद को बंद करने की घोषणा की है। ट्रंप ने कहा कि संगठन ने महामारी को छिपाने में चीन का साथ दिया और ऐसे में वह आर्थिक मदद को जारी नहीं रख सकते हैं। अमेरिका की तरफ से संगठन को सबसे ज्यादा आर्थिक मदद दी जाती है। टेडरॉस ने कहा कि उन्हें उम्मीद है अमेरिका यह मानता है कि एजेंसी में निवेश महामारी के बीच 'न केवल दूसरों की मदद के लिए बल्कि अमेरिका को सुरक्षित रखने के लिए भी महत्वपूर्ण है। अमेरिका की तरफ से डब्लूएचओ को 400 मिलियन डॉलर की मदद मिलती है। हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने सुझाव दिया था कि जब तक टेडरॉस इस्तीफा नहीं देते हैं तब तक एजेंसी को आर्थिक सहायता नहीं दी जानी चाहिए।
टेडरॉस एडहनोम ने की ट्रंप से अपील
जिस पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) के चीफ टेडरॉस एडहनोम ग्रेबेसियस ने कहा है कि वह इस्तीफा नहीं देंगे। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका से अपील की है कि वह आर्थिक मदद को बंद न करे बल्कि महामारी से निबटने में उसकी सहायता करे और लोगों की जिंदगियां बचाएं। आपको बता दें कि कोरोना वायरस महामारी के बीच ही डब्लूएचओ लगातार आलोचना के केंद्र में है। कई लोग मान रहे हैं कि संगठन ने महामारी के प्रति लापरवाही भरा रवैया दिखाया है।












Click it and Unblock the Notifications