ब्रिटेन में 82 साल के ब्रायन पिंकर को दी गई Oxford AstraZeneca की पहली वैक्सीन
कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के खतरे के बीच ब्रिटेन में एस्ट्राजेनेका वैक्सीन के साथ टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है।
नई दिल्ली। Coronavirus AstraZeneca Vaccine latest news. कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के खतरे के बीच ब्रिटेन में एस्ट्राजेनेका वैक्सीन के साथ टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। सोमवार को सबसे पहले ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के एक अस्पताल में 82 वर्षीय ब्रायन पिंकर को एस्ट्राजेनेका वैक्सीन की पहली डोज दी गई। ब्रायन पिंकर डायलिसिस के मरीज हैं। इसके साथ ही ब्रिटेन दुनिया का ऐसा पहला देश बन गया है, जहां कम कीमत वाली और ट्रांसपोर्टेशन में आसान एस्ट्राजेनेका वैक्सीन का इस्तेमाल शुरू किया गया। कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ ब्रिटेन में टीकाकरण अभियान को एक अहम कदम माना जा रहा है।
Recommended Video

ब्रिटेन में फिलहाल पहले राउंड के टीकाकरण के तहत 6 अस्पतालों में कोरोना वायरस की 530000 डोज तैयार हैं। आने वाले दिनों में ब्रिटेन में कई सौ जगहों पर टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा और सरकार को उम्मीद है कि एक महीने के भीतर कोरोना वायरस वैक्सीन की करोड़ों डोज दे दी जाएंगी। ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि इस भयानक वायरस के खिलाफ लड़ाई में यह एक अहम क्षण है। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि हमारा ये प्रयास इस महामारी के खिलाफ लोगों की उम्मीदों को एक बार फिर से जीवित करेगा।
ब्रिटेन में कोरोना से 75 हजार से ज्यादा लोगों की मौत
आपको बता दें कि हाल ही में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिलने के बाद से ब्रिटेन में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। रविवार को ब्रिटेन में कोरोना वायरस के 54990 नए केस सामने आए। वहीं, एक दिन के भीतर 454 मरीजों की मौत कोरोना वायरस के कारण हो गई। ब्रिटेन में अभी तक कोरोना वायरस के कारण 75 हजार से भी ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के खतरे को देखते हुए भारत ने भी ब्रिटेन आने-जाने वाली उड़ानों पर अस्थाई प्रतिबंध लगाया हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications