चीन ने दी बराक ओबामा को धमकी, कहा दलाई लामा से रहें दूर
बीजिंग। चीन ने तिब्बत के निर्वासित आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा और अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की मुलाकात पर नाराजगी जाहिर की है। चीन ने इस बार एक कदम आगे बढ़ते हुए ओबामा को चेतावनी दे डाली है कि ओबामा दलाई लामा से दूर रहें। ओबामा और दलाई लामा की मुलाकात पांचफरवरी को होनी है।

पहले भी दलाई लामा से मिल चुके हैं ओबामा
सोमवार को ही भारतीय मीडिया में उस बात को काफी प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारत और अमेरिका की बढ़ती नजदीकियों पर चीन की चिंता पर हैरानी जताई थी। शायद चीन ने दलाई लामा के बहाने ओबामा पर निशाना साधने की कोशिश की है।
आपको बता दें कि ओबामा की दलाई लामा से यह पहली मुलाकात नहीं है। बल्कि पिछले वर्ष भी फरवरी में भी ओबामा ने तिब्बती धर्मगुरु से मुलाकात की थी। इसके अलावा वह वर्ष 2010 में भी दलाई लामा से मिल चुके हैं। पिछले वर्ष भी चीन ने अमेरिका से अनुरोध किया था कि ओबामा और दलाई लामा के बीच होने वाली इस मुलाकात को कैंसिल कर दिया जाए।
तिब्बत में न हो किसी का हस्तक्षेप
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हांग लेई ने इस बाबत एक बयान जारी किया है। लेई ने कहा है कि तिब्बत मुद्दा चीन का आतंरिक मसला है और चीन इस मसले पर किसी का भी हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं करेगा। अगर कोई ऐसा करेगा तो चीन उसका विरोध करेगा।
चीन हमेशा से ही दलाई लामा की दुनिया के किसी भी नेता के साथ होने वाली मुलाकात का विरोध करता आया है। पिछले 50 वर्षों से भारत में निर्वासित जीवन व्यतीत करने वाले दलाई लामा ने ओबामा को खासा प्रभावित किया है। पिछले वर्ष जब ओबामा और दलाई लामा की मुलाकात हुई थी तो ओबामा ने तिब्बत के मसले पर कई बातें कहीं थीं। चीन को ओबामा की ओर से आए बयानों पर खासी आपत्ति थी।
पिछले हफ्ते आया था आधिकारिक बयान
पिछले सप्ताह व्हाइट हाउस ने नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट कार्यक्रम के मौके पर दलाई लामा-ओबामा मुलाकात की बात कही थी। हालांकि, यह अभी यह साफ नहीं है कि दोनों नेताओं के बीच निजी भेंट की योजना है या नहीं। बतौर राष्ट्रपति ओबामा तिब्बती धर्मगुरु से चौथी बार मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications