चीन ने लॉन्च किया दुनिया का सबसे तेज इंटरनेट, 1 सेकेंड में 150 HD मूवीज डाउनलोड, एक्सपर्ट भी हैरान
चीन ने इंटरनेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है। चीनी कंपनियों ने दुनिया में सबसे तेज इंटरनेट नेटवर्क लॉन्च कर एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक चीनी कंपनीयों ने डेटा ट्रांसमिशन दर 1.2 टेराबिट प्रति सेकंड हासिल कर लिया है।
चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि इंटरनेट की यह स्पीड मौजूदा प्रमुख इंटरनेट रूटों से दस गुना से भी अधिक है। इस इंटरनेट की स्पीड का अंदाजा ऐसे लगाया जा सकता है कि महज एक सेकेंड में ही 150 एचडी फिल्मों को डाउनलोड किया जा सकता है।

ये प्रोजक्ट सिंघुआ विश्वविद्यालय, चाइना मोबाइल, हुआवेई टेक्नोलॉजीज और सेर्नेट कॉर्पोरेशन के सहयोग से पूरा हुआ है। ऐसा अनुमान था कि चीन यह इंटरनेट स्पीड 2025 में हासिल कर पाएगा लेकिन समय से 2 साल पहले ही चीनी कंपनियों ने इस कामयाबी को हासिल कर लिया है।
इसे बैकबोन नेटवर्क नाम दिया गया है जो कि उत्तर में बीजिंग, मध्य चीन के वुहान और दक्षिणी प्रांत गुआंग्डोंग तक फैला हुआ है। यह प्रोजेक्ट 3,000 किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है और इसमें ऑप्टिकल फाइबर केबलिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है। इसे जुलाई में सक्रिय किया गया था और सभी परिचालन परीक्षणों को पास करने के बाद सोमवार को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया था।
इससे पहले दुनिया भर टेक विशेषज्ञों का पूर्वानुमान था कि 1 टेराबिट प्रति सेकंड अल्ट्रा-हाई-स्पीड नेटवर्क 2025 तक हासिल नहीं हो पाएगा लेकिन चीन ने एक बार फिर से दुनिया को हैरान कर दिया है।
चाइनीज एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग से FITI के प्रोजेक्ट लीडर वू जियानपिंग ने टिप्पणी की कि सुपरफास्ट लाइन न केवल एक सफल ऑपरेशन है, बल्कि चीन को और भी तेज इंटरनेट बनाने के लिए उन्नत तकनीक भी प्रदान करती है।
दुनिया के अधिकांश इंटरनेट बैकबोन नेटवर्क केवल 100 गीगाबिट प्रति सेकंड पर काम करते हैं। यहां तक कि अमेरिका में भी पांचवी पीढ़ी के इंटरनेट 400 गीगाबिट प्रति सेकंड की स्पीड पर काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications