ChatGPT पर बैन लगाने वाला पहला पश्चिमी देश बना इटली, जानिए और किन देशों ने लगाया प्रतिबंध
ChatGPT इंसानों की भाषा में सवालों के जवाब दे सकता है। हाल ही में OpenAI का GPT-4 रिलीज हुआ है जिसके बाद दुनिया के कई एक्सपर्ट्स की चेतावनी सामने आई थी।

Image: Oneindia
इटली ने ChatGPT को बैन कर दिया है। इटली की डेटा प्रोटेक्शन अथॉरिटी ने सुरक्षा कारणों से जुड़ी चिंताओं की वजह से इस पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। इस प्रतिबंध के बाद इटली पहला यूरोपीय देश बन गया है जिसने ChatGPT पर रोक लगाई है। आपको बता दें कि ChatGPT, माइक्रोसॉफ्ट द्वारा फंडेड और OpenAI की ओर से विकसित किया गया लोकप्रिय चैटबॉट है। इससे पहले चीन, रूस, ईरान और उत्तर कोरिया जैसे देशों ने इस पर पहले से प्रतिबंध लगा रखा है।
व्यक्तिगत डेटा एकत्र करने का आरोप
इटली के डेटा संरक्षण अथॉरिटी ने ChatGPT की मूल कंपनी OpenAI पर 'उपयोगकर्ताओं से व्यक्तिगत डेटा एकत्र करने' का आरोप लगाया है। अथॉरिटी ने कहा कि वह 'तत्काल प्रभाव से' OpenAI पर बैन लगाएगा और इसकी जांच करेगा। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि ChatGPT और अमेरिकी कंपनी OpenAI के खिलाफ जांच की जा रही है। अथॉरिटी ने अपने आदेश में कहा है कि ChatGPT के पास ऐसा कोई कानूनी आधार नहीं है जिसके आधार पर वह व्यक्तिगत डेटा को बड़े पैमानें पर चुन और इकट्ठा कर चैटबॉट को प्रशिक्षित करने के कदम को सही ठहरा सके।
आयु सत्यापन प्रणाली में भी खामी
अधिकारियों की ओर से इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि उन उपयोगकर्ताओं को जानकारी प्रदान नहीं की जाती जिनका डाटा ओपन AI द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। निजता उल्लंघन के आरोप को OpenAI के CEO सैम अल्टमैन ने भी स्वीकार किया था। हालांकि इस बीच OpenAI ने बीबीसी को बताया कि वह निजता कानूनों का पालन करता है। इसके अलावा, इटली के डेटा संरक्षण प्राधिकरण ने ChatGPT पर उचित आयु-सत्यापन प्रणाली नहीं होने का आरोप लगाया है। आधिकारिक रूप से ChatGPT 13 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए है। इतालवी नियामकों के मुताबिक ChatGPT के पास यूजर्स की आयु की जांच करने का कोई तरीका नहीं है।
विशेषज्ञों ने AI को बताया खतरनाक
आपको बता दें कि नवंबर 2022 में लांच होने के बाद से ChatGPT दुनियाभर में लोकप्रिय हो गया है। लाखों लोग रोजाना इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। OpenAI ने हाल ही में GPT-4 लॉन्च किया है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट ChatGPT का एक एडवांस वर्जन है। नए चैटबॉट ने जीआरई, एलएसएटी, एसएटी और अन्य विभिन्न परीक्षाओं में सफल होकर सभी को आश्चर्य में डाल दिया है। एलन मस्क जो कि खुद ChatGPT की मूल कंपनी OpenAI के संस्थापकों में से एक थे, कई मौके पर AI चैटबॉट की आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में AI मानव जाति के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications