खालिस्तान के पालतू बने जस्टिन ट्रूडो तो हिन्दुओं के साथ आए विपक्षी नेता, कनाडा में नवरात्रि पर राजनीतिक घमासान
Canada News: खालिस्तान के पालतू बन चुके जस्टिन ट्रूडो के खिलाफ अब हिन्दुओं को साधने के लिए विपक्षी नेता मैदान में उतर आए हैं और नवरात्रि के मौके पर कनाडा में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। नवरात्रि शुरू होने के साथ ही हिन्दू वोट बैंक को अपने पाले में करने के लिए राजनेताओं ने हिन्दुओं को मोहने की कोशिश शुरू कर दी है।
कनाडा के नेताओं के बीच शारदीय नवरात्र के मौके पर हिन्दुओं को बधाई और शुभकामनाएं देने का कनाडा में सिलसिला शुरू हो गया है। भारत के साथ राजनयिक गतिरोध के बीच कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने रविवार को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं हैं, वहीं कनाडा के मुख्य विपक्षी नेता पियरे पोइलिवरे ने भी एक वीडियो जारी कर हिन्दुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं दी हैं।

कनाडा में हिन्दुओं को मोहने की कोशिश
कनाडाई प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, कि "नवरात्रि की शुभकामनाएं! मैं हिंदू समुदाय के सदस्यों और उन सभी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं भेज रहा हूं, जो इस त्योहार को मना रहे हैं।"
रविवार को जारी एक आधिकारिक प्रेस बयान में, कनाडाई पीएम ट्रूडो ने कहा, कि "अगले नौ रातों और 10 दिनों में, कनाडा और दुनिया भर में हिंदू समुदाय के सदस्य नवरात्रि मनाने के लिए इकट्ठा होंगे।"
उन्होंने अपने बयान में कहा है, कि "नवरात्रि हिंदू आस्था में सबसे महत्वपूर्ण और पवित्र त्योहारों में से एक है, जो राक्षस महिषासुर पर देवी दुर्गा की जीत और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। अक्सर इसे स्त्री ऊर्जा के उत्सव के रूप में देखा जाता है, यह दोस्तों और परिवार के लिए एक साथ आने और प्रार्थनाओं, हर्षोल्लासपूर्ण, विशेष भोजन और आतिशबाजी के साथ सदियों पुरानी परंपराओं का सम्मान करने का समय है।''
ट्रूडो ने अपने परिवार और कनाडा सरकार की ओर से शुभकामनाएं देते हुए आगे कहा, "मैं इस साल नवरात्रि मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं देता हूं।"
कनाडाई प्रधानमंत्री का नवरात्रि पर बधाई संदेश उस वक्त आया है, जब खालिस्तान समर्थक कनाडा में आतंक मचा रहे हैं और हिन्दु मंदिरों पर हमला कर रहे हैं। माना जा रहा है, कि हिंदुओं के मन में अपने प्रति पनपे गुस्सा को शांत करने के लिए वो ऐसा कर रहे हैं।
विपक्षी नेता ने भी दी शुभकामनाएं
वहीं, कनाडा के विपक्षी नेता पियरे पोइलिवरे ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने हिन्दुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा है, कि "कनाडा और दुनिया भर के हिंदुओं को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं।" उन्होंने आगे लिखा है, कि "जैसे आप प्रियजनों के साथ इकट्ठा होते हैं और जश्न मनाते हैं, हम आशा करते हैं, कि आपको खुशी का आशीर्वाद मिले।
पियरे पोइलिवरे ने जो वीडियो पोस्ट किया है, उसमें उन्हें एक हिन्दू मंदिर में जाते, लोगों से मुलाकात करते और सेल्फी लेते हुए दिखाया गया है।
उन्होंने लिखा है, कि वो गरबा नृत्य में हिस्सा ले रहे हैं और वो कनाडा के देशभक्तों से मुलाकात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा है, कि "जैसे कि हमारा देश अभी कठिन समय से गुजर रहा है, उस वक्त दुर्गा मां का संदेश हमारे लिए सबसे ज्यादा जरूरी है और हिन्दू समुदाय शांति और उम्मीद के चैंपियन रहे हैं। कनाडा के कंजर्वेटिव्स की तरफ से आपको बहुत बहुत शुभकामनाएं।
आपको बता दें, कि पियरे पोइलिवरे कनाडा की मुख्य विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी के नेता हैं और कनाडा में अगले चुनाव में उन्हें प्रधानमंत्री का सबसे बड़ा चेहरा माना जा रहा है। अगर उन्हें हिन्दुओं को वोट मिल जाता है, तो जस्टिन ट्रूडो काफी आसानी से चुनाव हार सकते हैं, क्योंकि वो अभी भी अल्पमत की सरकार चला रहे हैं।
माना जा रहा है, कि जस्टिन ट्रूडो के खिलाफ हिन्दुओं की भावना का फायदा पियरे पोइलिवरे को मिल सकता है, क्योंकि जब खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में जस्टिन ट्रूडो ने भारत का लिंक जोड़ा, तो पियरे पोइलिवरे ने सबूत की मांग की थी और कहा था, कि बगैर सबूत एक मजबूत दोस्त देश के साथ ट्रूडो सरकार ने संबंध को खराब कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications