UAE में नए युग की शुरुआत, भारत और पीएम मोदी के सम्मान में तिरंगे से रोशन हुआ बुर्ज खलीफा
Burj Khalifa Indian Flag: इस्लामिक देश संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारतीयों की नजर से एक नए युग की शुरुआत हो गई है। यूएई के पहले हिंदू मंदिर और पश्चिम एशिया के सबसे बड़े मंदिर का बुधवार (14 फरवरी) को उद्घाटन हो चुका है। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के एक महीने के भीतर सनातन प्रेमिकों के लिए यूएई के अबू धाबी में दूसरी बड़ी खबर सामने आई है।
मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे हैं। इसी कड़ी में यूएई की ओर से भारत और पीएम मोदी के सम्मान में बुर्ज खलीफा भारतीय ध्वज के रंग में जगमगा उठा। जिसकी दो तस्वीरें दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद ने साझा की।

बुधवार को वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट 2024 में 'गेस्ट ऑफ ऑनर' पीएम मोदी के स्वागत के लिए बुर्ज खलीफा तिरंगे से जगमगा उठा। दुनिया की सबसे ऊंची इमारत पर भारतीय तिरंगे के रंग से रोशन नजर आई। तिरंगे की रोशनी के साथ इमारत पर लिखा गया था 'सम्मानित अतिथि - भारत गणराज्य' से रोशन किया गया था।
यूएई के क्राउन प्रिंस हमदान बिन मोहम्मद ने एक्स (ट्विटर) पर फोटो शेयर करते हुए लिखा कि हम इस साल के 'विश्व सरकार शिखर सम्मेलन' के सम्मानित अतिथि और भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल से स्वागत करते हैं। हमारे देशों के बीच यह मजबूत संबंध अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए एक मॉडल के रूप में काम करेगा।
इसी के साथ उन्होंने आगे लिखा कि इस अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम में भारत को एक विशिष्ट अतिथि के रूप में पाकर खुशी हो रही है, जहां यह विभिन्न क्षेत्रों में अपने नवाचारों, पहलों और परियोजनाओं का प्रदर्शन करेगा जो सरकारी सेवा वितरण के लिए विकास में तेजी लाने के लिए एक मॉडल हैं।
अनुराग ठाकुर ने लिखा- "भारत भाग्य विधाता"
वहीं इसी फोटो को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी एक्स पर साझा की, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा "भारत भाग्य विधाता", इसी के साथ उन्होंन भारतीय ध्वज का इमोजी भी पोस्ट में यूज किया।
बता दें कि पीएम मोदी ने विश्व सरकार शिखर सम्मेलन 2024 में भाग लेने के साथ बीएपीएस मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी की 2014 में सत्ता में आने के बाद सातवीं यात्रा है।












Click it and Unblock the Notifications