Britney Spears: गुस्सा जताया तो अधिकार मिला, 13 साल बाद गार्डियनशिप केस में राहत
लॉस एंजेलिस, 15 जुलाई: अमेरिकी पॉप सुपरस्टार ब्रिटनी स्पीयर्स बुधवार को अदालती कार्रवाई के दौरान खूब भावुक हो गईं। वह कई बार गुस्से में तमतमा गईं ,तो कई बार उनके मुंह से भला-बुरा भी निकल गया। उन्होंने खुद माना भी कि वह अपनी जिंदगी की वजह से बहुत ही ज्यादा गुस्से में हैं। वह हर हाल में अपने जीवन से अपने पिता के नियंत्रण को खत्म करने की मांग कर रही हैं और उनपर उत्पीड़न का आरोप लगा रही हैं। बुधवार को उन्हें जज ने यह राहत दी है कि वह अपने मुकदमे पैरवी के लिए खुद अपने वकील की नियुक्ति कर सकती हैं।

मेरे को गुस्सा आ रहा है-कोर्ट से बोलीं पॉप सुपरस्टार
पॉप सुपरस्टार ब्रिटनी स्पीयर्स बुधवार को खुद पर अपने पिता जेमी स्पीयर्स के कंट्रोल को लेकर भावनात्मक तौर पर फट पड़ीं। तीन हफ्ते बाद वो दूसरी बार फोन से अदालत से जुड़ीं तो अपना भड़ास जमकर निकाला। उन्होंने जज से फिर गुहार लगाई कि उन्हें उनके पिता की गार्डियनशिप से मुक्त किया जाए। अदालत से वो बोलीं कि उनके पिता के खिलाफ कंजरवेटरशिप प्रताड़ना के आरोप बनते हैं। उन्होंने जज से कहा कि, 'मैं आरोप लगाने उपस्थित हुई हैं। मेरे को गुस्सा आ रहा है और इसलिए मैं ऐसा करूंगी। मेरे पिता को आप मेरी जिंदगी से खिलवाड़ करने दे रहे हैं।.....मुझे मेरे पिता से मुक्ति चाहिए.....उनके खिलाफ कंजरवेटरशिप प्रताड़ना के आरोप लगने चाहिए।'

ब्रिटनी स्पीयर्स को मिला खुद वकील नियुक्त करने का अधिकार
बहरहाल, कोर्ट ने उनके पिता जेमी स्पीयर्स के कंजरवेटरशिप से उन्हें अभी आजादी तो नहीं दी है, लेकिन उन्हें केस में उनकी मदद के लिए अपना वकील खुद नियुक्त करने का अधिकार जरूर दे दिया है। सुनवाई के दौरान जज ब्रिंडा पेनी ने स्पीयर्स के अटॉर्नी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और संकेत दिए कि वो 39 साल की सिंगर की कानूनी सहायता के लिए उनकी नई पसंद मैथ्यू रोजेनगार्ट को मंजूरी दे देंगी। बाद में रोजेनगार्ट ने मीडिया से कहा कि वो जेमी स्पीयर्स को कंजरवेटरशिप से हटाने के लिए जल्दी ही याचिका डालेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता को खुद ही हट जाना चाहिए। रोजेनगार्ट, स्टीवन स्पीलबर्ग का भी मुकदमा लड़ चुके हैं।

'वे मुझे मारने की कोशिश कर रहे थे।'
इससे पहले ब्रिटनी स्पीयर्स फोन पर अदालत में कई बार भावुक हुईं और गुस्से में आने के साथ-साथ काफी परेशान भी हो गईं। वो इतने गुस्से में थीं कि कभी-कभार अभद्र जुबान भी बोल गईं। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के खिलाफ आरोप लगाना चाहती हैं। वो बोलीं 'मैं गुस्से में हूं और मैं वहां जाऊंगी।' एक बार तो वह कोर्ट से बोलीं कि 'वे मुझे मारने की कोशिश कर रहे थे।' उन्होंने कहा कि 'अगर अदालत को इसमें दुर्व्यवहार नजर नहीं आता तो... मुझे नहीं पता कि क्या है... ' उन्होंने अपने पिता के खिलाफ जांच और उनपर रोक लगाने के आदेश की मांग की।

2008 से पिता की संरक्षण में हैं ब्रिटनी स्पीयर्स
बता दें कि करीब तीन हफ्ते पहले उन्होंने अपने पिता को संरक्षक की भूमिका से हटाने की अपील की थी और भावुक होकर कहा था कि उनकी जिंदगी पर 13 वर्षों से उनके पिता का कंट्रोल है। गौरतलब है कि 39 साल की अमेरिकी पॉप सुपरस्टार 2008 से पिता के संरक्षण में हैं। असल में उस समय ब्रिटनी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की खबर आई थी और उसके बाद उनके पिता की मांग पर कोर्ट ने उन्हें उनके संरक्षण में दे दिया था। इसके चलते बेटी की प्रॉपर्टी, स्वास्थ्य और उनके कारोबार पर उनके पिता का कानूनी नियंत्रण हो गया है।

पिछली सुनवाई में ब्रिटनी स्पीयर्स ने किए थे विस्फोटक खुलासे
23 जून की सुनवाई के दौरान ब्रिटनी ने विस्फोटक खुलासा करते हुए दावा किया था कि उनका करियर और जीवन, सब उनके पिता के हवाले है। उन्हें जबरन ड्रग्स दी गई और बच्चा नहीं होने वाले उपकरण को उनकी बॉडी से हटाने भी नहीं दिया गया। उनसे यहां तक कहा गया कि वो न तो बच्चा पैदा कर सकती हैं और ना ही शादी के बंधन में बंध सकती हैं। इसी आधार पर वह अपने पिता की गार्डियनशिप से मुक्ति चाहती हैं, लेकिन जज ब्रेंडा पेनी ने कहा है कि इसके लिए उन्हें औपचारिक याचिका देनी होगी।












Click it and Unblock the Notifications