पब के अंदर ब्रिटिश टूरिस्ट को 90 मिनट में पिलाए गये 22 पैग, जिंदगी पर भारी पड़ा फ्री एंट्री ऑफर
पुलिस की जांच में पता चला है, कि नाइट क्लब के अंदर गिरोह बनाकर पर्यटकों से पैसे लूटे जाते हैं। इस मामले में 700 क्रिमिनल मामले दर्ज किए गये हैं।

British Tourist Dies taking 22 Shots In 90 Minutes: फ्री का ऑफर कई बार इंसानों के लिए जानलेवा साबित होता है, इसीलिए फ्री के ऑफर में फंसने से पहले सौ बार सोच लें। पोलैंड घुमने गये एक ब्रिटिश पर्यटक को पब के अंदर इतना पिलाया गया था, कि पीते पीते उसकी मौत हो गई।
मेट्रो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पोलैंड के स्ट्रिप क्लब में नाइट आउट के दौरान 90 मिनट में 22 शॉट दिए जाने के बाद एक ब्रिटिश व्यक्ति की मौत के मामले में 58 लोगों पर संगठित अपराध में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। जिस ब्रिटिश टूरिस्ट की मौत हुई थी, उसका नाम मार्क सी था और मौत के समय उसकी उम्र 36 साल थी, जो अपने एक दोस्त के साथ पोलैंड घुमने गया था और फिर वो नाइट क्लब पहुंचा था। रिपोर्ट के मुताबिक, नाइट क्लब के अंदर उसे फ्री एंट्री का ऑफर दिया गया और इसके लिए शराब पीना था।
शराब की दी गई हैवी डोज
पुलिस की टीम ने खुलासा किया है, कि मार्क पहले से भी पिया हुआ था और उसने क्लब के अंदर शराब पीने से मना कर दिया था, लेकिन उसे जबरदस्ती शराब पिलाई गई। पुलिस ने कहा, कि क्लब के सदस्यों ने मार्क को अलग अलग ऑफर देकर शराब पिलाया, जबकि वो बार बार और शराब पीने से मना कर रहा था। जांच में पता चला है, कि बेहोश होकर गिरने से पहले मार्क को करीब 2 दर्जन हैवी शराब के पैग पिलाए गये थे।
काफी ज्यादा शराब पीने के बाद मार्क क्लब के अंदर ही गिर गया और उसकी मौत हो गई। वहीं, गिरने के बाद क्लब के कर्मचारियों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाने के बजाए, उसकी जेब में पड़े 2200 पोलिश ज्लॉटी यानि करीब 42 हजार रुपये भी लूट लिए।
पोलैंड के जांच अधिकारियों के मुताबिक, मार्क की जब मौत हुई, उस वक्त उसके खून में अल्कोहल की मात्रा 0.4 प्रतिशत थी और अधिकारियों का कहना है, कि खून में अल्कोहल की मात्रा 0.3 प्रतिशत से ज्यादा होने पर वो जहरीली हो जाती है।
2017 की घटना पर सख्त कार्रवाई
यह घटना 2017 में हुई थी, लेकिन पोलैंड की पुलिस ने हाल ही में 58 लोगों पर पर्यटक की मौत के मामले में संगठित अपराध समूह का हिस्सा होने का आरोप लगाया है। उन्होंने समूह के खिलाफ 700 से ज्यादा आपराधिक आरोप भी दायर किए और जांच अधिकारियों ने कई नाइट क्लबों पर छापा मारा।
जांच अधिकारियों ने कहा, कि "बेहोश होकर गिरने के बाद भी पीड़ित मार्क को डॉक्टरों के पास नहीं ले जाया गया, उसे किसी भी तरह की मेडिकल फैसिलिटी नहीं दी गई और शराब उसके खून में जहरीला बन गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान क्लब के दर्जनों लोग वहां पर थे और उनमें से किसी ने भी मार्क को बचाने की कोशिश नहीं की।" आपको बता दें, कि मार्क की मौत के वक्त क्लब के सदस्यों की अस्थाई गिरफ्तारी की गई थी, जिन्हें बाद में जमानत मिल गई थी।
पोलिश सेंट्रल पुलिस इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (CBSP) ने कहा, कि क्लब एक रैकेट चलाता था, जिसमें वे ग्राहकों को उनके पैसे चुराने से पहले जमकर शराब पिलाते थे। सीबीएसपी ने स्पष्ट किया, कि इन अपराधियों ने ''पीड़ितों की मानसिक और शारीरिक स्थिति'' का लाभ उठाया और "क्लब के अंदर भुगतान के लिए उनके कार्ड का उपयोग किया और जिन वस्तुओं पर ऑफर था, उन वस्तुओं के लिए भी उनके कार्ड से भुगतान लिया गया।"
शराब कैसे बन जाती है शरीर में जहरीली
एनएचएस के मुताबिक, अल्कोहल पॉइज़निंग तब हो सकती है, जब आप अल्कोहल को अपने शरीर द्वारा प्रोसेस करने की क्षमता से तेज़ी से पीते हैं। यानि, शरीर की शराब पचाने की क्षमता से ज्यादा पीने पर वो शराब शरीर के अंदर जहरीली बन जाती है। रिपोर्ट में कहा गया है, कि "काफी कम समय में अत्यधिक शराब पीने से इंसान की स्थिति बिगड़ सकती है और इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती करवाने की नौबत आ सकती है।"
तेजी से शराब पीने से इंसानों के बोलने की क्षमता, मानसिक संतुलन, खड़ा होने की क्षमता, किसी चीज को उठाने की क्षमता खत्म होने लगती है और उसका सांस या तो अचानक से धीमा पर पड़ सकता है या फिर अचानक तेज हो सकता है, जिससे इंसान की जिंदगी पर गंभीर खतरा आ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications