पहली बार ब्रिटिश PM की पत्नी होगी विदेशी, जानिए अक्षता के भारतीय होने को लेकर क्यों हुआ था विवाद
सुनक को करीब 200 सांसदों का समर्थन मिला। पेनी के पास यह आंकड़ा बस 25 था हालांकि पेनी ने अंतिम वक्त तक इसका खुलासा नहीं किया और पेनी की टीम लगभग 90 सांसदों के समर्थन का दावा करती रही।
ब्रिटेन को अपना नया प्रधानमंत्री मिल गया है। ऋषि सुनक ब्रिटेन के 57 वें प्रधानमंत्री बन गए हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है जब ब्रिटिश प्रधानमंत्री की पत्नी के पास यूके की नागरिकता नहीं है। जी हां। ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री की पत्नी अक्षता मूर्ति के पास भारतीय नागरिकता है। ऋषि सुनक की पत्नी अक्षता मूर्ति के भारतीय होने के कारण कुछ महीने पहले काफी विवाद भी हो चुका है। जानिए उस विवाद की वजह क्या थी...
Image- twitter

अक्षिता को लेकर शुरू हुआ विवाद
अप्रैल का वक्त था। रूस और यूक्रेन के बीच जंग चरम पर था। इसी दौर में ब्रिटेन की राजनीति भी गरमाई हुई थी। दरअसल अखबारों में एक खबर चली कि ब्रिटिश सरकार राष्ट्रीय बीमा पर टैक्स बढ़ाने जा रही है। ऐसा अनुमान लगाया गया कि इससे ब्रिटेन को प्रत्येक साल 39 अरब पाउंड अतिरिक्त मिलेंगे। टैक्स बढ़ाने के बाद मिली इस रकम को स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण पर खर्च किया जाना था। लेकिन इस योजना के परवान चढ़ने से पहले ही विपक्ष ने हल्ला बोल दिया।

अक्षता मूर्ति के पास है भारतीय नागरिकता
इस कानून का मसौदा तैयार किया था ऋषि सुनक ने जो उस वक्त ब्रिटेन में वित्त मंत्री का पद संभाल रहे थे। ऋषि सुनक के टैक्स बढ़ाने के विचार पर विपक्ष ने हल्ला बोल दिया। दरअसल ब्रिटेन में रहने के बाद भी अक्षता ने भारतीय नागरिकता नहीं छोड़ी है। इस वजह से वह एक ब्रिटिश नागरिक नहीं हैं। अक्षता के पास भारतीय नागरिकता है। इंफोसिस में अक्षता की भी हिस्सेदारी है और इससे उन्हें हर साल करीब 95 करोड़ रुपये की आय होती है, पर इस पर वह टैक्स नहीं देतीं। विपक्ष ने इसी को मुद्दा बनाया।

अक्षता ब्रिटिश सरकार को टैक्स नहीं देती
पहले एक अखबार में रिपोर्ट आई और फिर विपक्षी पार्टी के नेता तुलिप सिद्दीकी ने अक्षता के बहाने ऋषि सुनक को घेरना शुरू किया। तुलिप ने वित्त मंत्री ऋषि सुनक पर आरोप लगाया कि ऋषि आम लोगों पर टैक्स का पहाड़ लादते जा रहे हैं, जबकि उनके परिवार के लोग योजनाओं का फायदा उठाकर टैक्स देने से बच रहे हैं। अब ब्रिटेन का कानून कहता है कि जो उसके नागरिक नहीं, उन्हें दूसरे देशों में कमाई गई दौलत पर टैक्स नहीं देना होगा। इसका मतलब हुआ कि अक्षता ब्रिटेन के बाहर जो कुछ भी कमाती हैं, उस पर उन्हें ब्रिटिश सरकार को टैक्स का भुगतान करने की जरूरत नहीं है।

ऋषि सुनक ने किया पत्नी का बचाव
ठीक इसी दौरान ब्रिटिश मीडिया ने अक्षता की संपत्ति को लेकर बड़े-बड़े दावे किए। उसी दौर में यह खबर चली कि अक्षता की संपत्ति ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ की संपत्ति से अधिक है। जाहिर था कि ये सब पढ़कर ब्रिटिश जनता के बीच ऋषि सुनक की छवि थोड़ी कमजोर बनी। इसके जवाब में ऋषि सुनक ने कहा है कि विपक्ष उनकी पत्नी को बदनाम करने की साजिश कर रहा है। सुनक ने एक ब्रिटिश अखबार को बताया कि अक्षता अपने देश से प्यार करती है, जैसे मैं अपने से प्यार करता हूं। उन्होंने कहा UK में वह जो भी पैसा कमाती हैं, उस पर लगे टैक्स का भुगतान यहां करती हैं। उनकी शादी मुझसे हुई है इसलिए उन्हें अपने देश से संबंध तोड़ने के लिए कहना सही नहीं होगा।
पहली बार ब्रिटेन पर राज करेगा 'हिंदुस्तानी, ऋषि सुनक बने ब्रिटेन के पहले भारतीय मूल के प्रधानमंत्री












Click it and Unblock the Notifications