Hot Air Balloon में जिंदा भुन गए 8 लोग, कैसे मौज-मस्ती बनी दर्दनाक मौत? 13 बचे, दिल दहलाने वाला-VIDEO
Brazil Hot Air Balloon Accident: ब्राजील के दक्षिणी राज्य सांता कैटरीना में 21 जून 2025 को एक हॉट एयर बैलून में लगी भीषण आग ने मौज-मस्ती को मातम में बदल दिया। इस भयावह हादसे में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 13 लोग किसी तरह बच निकले।
स्थानीय समाचार चैनल G1 द्वारा साझा किया गया एक दिल दहलाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आग की लपटों में घिरा गुब्बारा तेजी से जमीन की ओर गिरता दिखाई दे रहा है। आखिर कैसे हुआ यह हादसा और क्या थी इसकी वजह? आइए, जानते हैं पूरी कहानी...

कैसे हुआ दर्दनाक हादसा? जानें
सांता कैटरीना के प्रिया ग्रांडे शहर में शनिवार सुबह करीब 7 बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। स्थानीय अग्निशमन दल के अनुसार, पर्यटकों से भरा हॉट एयर बैलून, जिसमें पायलट सहित 21 लोग सवार थे, उड़ान के दौरान अचानक आग की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुब्बारे की बास्केट में लगे टॉर्च से आग लगी, जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि गुब्बारा धुएं और आग की लपटों में घिरकर तेजी से गिरा। कुछ लोगों ने आग से बचने के लिए हवा में ही गुब्बारे से छलांग लगा दी, लेकिन कई लोग आग और गिरने की वजह से हताहत हो गए।
G1 की रिपोर्ट के मुताबिक, चार लोगों की मौत बास्केट में जलने से हुई, जबकि चार अन्य लोग गुब्बारे के जमीन से टकराने के बाद मारे गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने स्थानीय अखबार जर्नल रजाओ को बताया कि हमने दो लोगों को ऊपर से गिरते देखा, और इसके तुरंत बाद बास्केट टूट गई और गुब्बारा नीचे आ गिरा। मैं दौड़कर वहां पहुंची तो एक महिला कीचड़ में सनी और सदमे में थी, जबकि एक पुरुष लंगड़ाते हुए दिखा। दो शव भी वहां पड़े थे।
13 लोग बचे, अस्पताल में भर्ती
सांता कैटरीना के सैन्य अग्निशमन दल ने बताया कि 13 लोग इस हादसे में चमत्कारिक रूप से बच गए और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालांकि, उनकी स्थिति के बारे में अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। सांता कैटरीना के गवर्नर जॉर्जिन्हो मेलो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि हम इस त्रासदी से स्तब्ध हैं। हमारी बचाव टीम मौके पर है और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही परिवारों को सहायता प्रदान कर रही है। हम यह पता लगाएंगे कि यह हादसा क्यों और कैसे हुआ।'
प्रिया ग्रांडे: हॉट एयर बैलून का फेमस डेस्टीनेशन
प्रिया ग्रांडे, जिसे सांता कैटरीना का 'कैन्यन कैपिटल' कहा जाता है, हॉट एयर बैलूनिंग के लिए एक लोकप्रिय पर्यटक स्थल है। खासकर जून के महीने में, जब सेंट जॉन जैसे कैथोलिक संतों के सम्मान में उत्सव मनाए जाते हैं, यहाँ बैलूनिंग की गतिविधियाँ चरम पर होती हैं। स्थानीय अखबार जर्नल रजाओ के अनुसार, हादसे के समय लगभग 30 हॉट एयर बैलून प्रिया ग्रांडे के आसमान में उड़ान भर रहे थे।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
यह कोई पहला मौका नहीं है जब ब्राजील में हॉट एयर बैलून हादसा हुआ हो। पिछले रविवार को साओ पाओलो राज्य में एक हॉट एयर बैलून के गिरने से 27 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई थी और 11 अन्य लोग घायल हुए थे। इन लगातार हादसों ने हॉट एयर बैलून पर्यटन की सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
इस हादसे ने हॉट एयर बैलून पर्यटन की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल उठाए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बैलून की बास्केट में इस्तेमाल होने वाले टॉर्च और अन्य उपकरणों की नियमित जाँच और सख्त नियमों का पालन जरूरी है। सांता कैटरीना सरकार ने इस हादसे के बाद भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नियमों को और सख्त करने का वादा किया है।
'मौत अपने रास्ते ढूंढ ही लेती है'
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। X पर कई यूजर्स ने इस त्रासदी पर दुख जताया। एक यूजर ने लिखा कि ब्राजील में हॉट एयर बैलून में आग लगने से 8 लोगों की मौत बेहद दुखद है। यह हादसा दिखाता है कि अब कोई भी सवारी पूरी तरह सुरक्षित नहीं रही।। एक अन्य यूजर ने लिखा, मौत अपने रास्ते ढूंढ ही लेती है।
ये भी पढ़ें-












Click it and Unblock the Notifications