गाजा में अमेरिकी-इजराइली समेत 6 बंधकों के शव बरामद, हर्श गोल्डबर्ग-पोलिन की मौत से हिल उठा बाइडेन प्रशासन
Israel-Hamas War: गाजा में हमास द्वारा बंधक बनाए गए अमेरिकी-इजराइली हर्श गोल्डबर्ग-पोलिन का निधन हो गया है। उनकी पहचान गाजा के सुरंग में 6 अन्य बंधकों के मिले शवों में की गई है। गोल्डबर्ग-पोलिन के माता-पिता अपने बेटे और अन्य बंधकों की रिहाई के लिए मुखर रहे हैं, यहां तक कि उन्होंने डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन में भी भाषण दिया था।
गोल्डबर्ग-पोलिन को 7 अक्टूबर 2021 को दक्षिणी इजराइल में एक संगीत समारोह के दौरान हमास के आतंकवादियों ने अगवा कर लिया था। और बंधक संकट में वह एक प्रमुख चेहरा बन गये थे, जिसने इजराइल के प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर दबाव बढ़ा दिया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गोल्डबर्ग-पोलिन की मौत की खबर पर दु:ख और आक्रोश जताया है।
बंधकों के शव मिलने के बाद आगे क्या होगा?
6 इजराइली बंधकों के शव बरामद होने के बाद इजराइली संगठन, जिनमें बंधकों के परिवार वाले शामिल हैं, उन्होंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ लोगों से लामबंद होने की अपील की है। बंधकों के परिवारों का आरोप है, कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने बंधकों को छोड़ दिया है।
दूसरी तरफ, अमेरिकी मूल के इजराइली नागरिक गोल्डबर्ग-पोलिन की मौत ने अमेरिका को हिला दिया है। उनके माता-पिता अमेरिकी राजनीतिक हलकों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं और उन्होंने शीर्ष अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात की है। पिछले महीने उन्होंने डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन में भाषण भी दिया था। लिहाजा, इस स्थिति ने नेतन्याहू पर युद्ध विराम समझौते तक पहुंचने का दबाव बढ़ा दिया है और राष्ट्रपति बाइडेन ने भी गाजा में युद्ध को समाप्त करने के लिए इजराइल पर भारी दबाव डाल दिया है।
कई बंधक परिवारों ने नेतन्याहू पर युद्धविराम प्रस्ताव को बाधित करने का आरोप लगाया है। चल रहे बंधक संकट ने इजराइल में गुस्सा पैदा कर दिया है और परिवारों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
युद्ध विराम और बंधकों की रिहाई के लिए क्या कोशिशें हो रही हैं?
अमेरिका, कतर और मिस्र, इजराइल और हमास के बीच युद्ध विराम और बंधकों की रिहाई के समझौते पर पहुंचने के लिए मध्यस्थता कर रहे हैं। हालांकि, इजराइल ने कहा है, कि वह इस समय स्थायी युद्ध विराम के लिए सहमत होने के लिए तैयार नहीं है। वर्तमान में, माना जा रहा है, कि गाजा में 100 से ज्यादा बंधक हैं, जिनमें से 33 के मारे जाने की आशंका है।
गोल्डबर्ग-पोलिन की मौत, चल रहे संघर्ष को तत्काल हल करने और बाकी बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर भारी दबाव बना रही है।
लेकिन, गाजा पट्टी में स्थिति काफी ज्यादा तनावपूर्ण बनी हुई है, और आशंका है, कि बंधकों के शव मिलने के बाद इजराइली सेना का ऑपरेशन और भी ज्यादा खतरनाक स्तर पर पहुंच सकता है, जिससे गाजा पट्टी में मानवीय संकट, जो पहले से ही चरम पर पहुंचा हुआ है, वो और भी विकराल स्थिति में पहुंच जाएगा। इजराइल, हमास के खिलाफ अपने ऑपरेशन को और तेज कर सकता है।

जिन बंधकों के शव मिले हैं, वो कौन हैं?
इजराइली सेना ने एक्स पर जारी एक बयान में पुष्टि की है, कि गाजा से उसने जिन 6 शवों को बरामद किए हैं, वो बंधकों के ही हैं। इजराइली सेना ने इनके नाम हर्श गोल्डबर्ग-पोलिन (उम्र- 23 साल), एडेन येरुशालमी (उम्र- 24 साल), ओरी डैनिनो (उम्र- 25 साल), एलेक्स लुब्नोव (उम्र- 32 साल), अल्मोग सरुसी (उम्र- 25 साल) और कार्मेल गैट (उम्र- 40 साल) बताए हैं।

बंधकों में तीन पुरूष और तीन लड़कियां है।
इजराइली सेना ने कहा है, कि कार्मेल गैट को छोड़कर सभी को 7 अक्टूबर को दक्षिणी इजराइल में नोवा संगीत समारोह से बंधक बनाया गया था और उनके शव राफा में एक भूमिगत सुरंग में पाए गए हैं। इजराइली सेना ने कहा है, कि सभी छह बंधकों की सुरंग में हमास के आतंकियों ने हत्या की है।
टाइम्स ऑफ इजराइल ने इजराइली सेना का हवाला देते हुए यह भी बताया है, कि छह लोगों की हत्या उनके शव मिलने से एक या दो दिन पहले की गई है।
वहीं, अल जजीरा अरबी की एक रिपोर्ट में कहा गया है, कि इजराइली सेना दक्षिणी शहर राफा के पश्चिमी हिस्सों में आवासीय इमारतों को बमों से उड़ाना शुरू कर दिया है और कई बिल्डिंग्स को उड़ा दिया है। रिपोर्ट में कहा गया है, कि इजराइली सेना ने राफा शहर के उत्तर-पश्चिमी इलाकों पर भी हवाई हमले किए हैं।
अमरिकी राष्ट्रपति ने बंधकों के शव मिलने पर क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है, कि छह बंदियों के शव राफा शहर के नीचे एक सुरंग में पाए गए है और उनमें अमेरिकी नागरिक हर्श गोल्डबर्ग-पोलिन का शव भी शामिल है।
उन्होंने कहा, कि "मैं स्तब्ध और क्रोधित हूं।"
बाइडेन ने कहा, कि वह गोल्डबर्ग-पोलिन के माता-पिता के साथ बहुत दुखी हैं।
उन्होंने कहा, कि "मैंने उनके प्रिय हर्श को सुरक्षित रूप से उनके पास लाने के लिए अथक प्रयास किया है और उनकी मृत्यु की खबर से मेरा दिल टूट गया है। यह जितना दुखद है उतना ही निंदनीय भी है। कोई गलती न करें, हमास के नेताओं को इन अपराधों की कीमत चुकानी पड़ेगी।"
इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, कि "और हम बाकी बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए एक समझौते के लिए चौबीसों घंटे काम करते रहेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications