गोवा में SCO बैठक में आमने-सामने होंगे बिलावल और जयशंकर, मीटिंग कवर करने पहुंचने लगे पाकिस्तानी पत्रकार
गुरुवार से गोवा में शुरू होने वाले शंघाई सहयोग संगठन की विदेश मंत्री स्तर की दो दिवसीय बैठक की मेजबानी भारत करेगा। इसे कवर करने के लिए पाकिस्तान से कई पत्रकार भारत पहुंचने लगे हैं।

भारत गुरुवार यानी कि 4 मई से गोवा में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) देशों के विदेश मंत्रियों की मेजबानी करेगा। इस दो दिवसीय बैठक में चीनी विदेश मंत्री किन गैंग, रूस के सर्गेई लावरोव और पाकिस्तान के बिलावल भुट्टो-जरदारी शामिल होंगे। एस जयशंकर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
बिलावल भुट्टो कल शाम करीब पांच बजे गोवा पहुंचेंगे और सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे गोवा बीच पर विदेश मंत्री जयशंकर द्वारा आयोजित गाला डिनर में शामिल होंगे या नहीं।
विदेश मंत्री और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख गुरुवार से गोवा पहुंचेंगे जबकि विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक सुबह 10:15 बजे होगी। आपको बता दें कि ये बैठक ऐसे वक्त आयोजित हो रही है जब यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस और पश्चिमी देशों में तनातनी है और चीन के विस्तारवादी रवैये को लेकर भी चिंताएं व्यक्त की जा रही हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि बैठक में अफगानिस्तान की स्थिति पर भी चर्चा हो सकती है। इसमें उन चिंताओं पर भी विचार किया जा सकता है जिसमें कहा जा रहा है कि तालिबान के शासन में यह देश आतंकवाद का पोषण स्थल बन सकता है।
बैठक के दौरान इस चीज पर दुनियाभर के देशों की विशेष नजर रहेगी कि एससीओ सम्मेलन से इतर जयशंकर और बिलावल के बीच कोई द्विपक्षीय बैठक होती है या नहीं?
आपको बता दें कि द्विपक्षीय बातचीत को लेकर भारत का साफ नजरिया रहा है कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। वहीं पाकिस्तान की ओर से ये बात कही गई है कि नई दिल्ली बातचीत की पहल करना चाहे तो इस्लामाबाद भी हाथ आगे बढ़ाएगा।
अगर कल शाम बिलावल भारत आते हैं तो वर्ष 2011 के बाद इस स्तर पर किसी भी पाकिस्तानी नेता का भारत का पहला उच्च स्तरीय दौरा होगा। उस वर्ष पाकिस्तान की विदेश मंत्री हीना रब्बानी खार भारत आई थीं। वर्तमान में वो विदेश राज्य मंत्री हैं।
साल 2014 में तत्कालीन पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की भारत यात्रा के बाद ये किसी पाकिस्तानी नेता की पहली भारत यात्रा होगी। इस बीच गोवा में एससीओ को कवर करने के लिए कई पत्रकार भारत पहुंचने लगे हैं।
पूरे पाकिस्तान में एक ही दिन होंगे चुनाव, सरकार और इमरान खान की पार्टी में हुआ अहम समझौता












Click it and Unblock the Notifications