मालदीव के बाद अब बांग्लादेश में 'India Out' कैम्पेन, भारत विरोधी नफरत को कैसे भड़का रहीं बेगम खालिदा जिया!
Bangladesh 'India Out' Movement: मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू जब विपक्ष में थे, तो उनकी पार्टी ने एंटी-इंडिया कैम्पेन चलाया था और फिर उनकी पार्टी सत्ता में आई थी, जिसके बाद मोहम्मद मुइज्जू ने भारत के खिलाफ एक तरह से 'जंग' छेड़ दी है।
लेकिन, मालदीव की राह पर अब बांग्लादेश की विपक्षी पार्टी भी चल पड़ी है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेतृत्व में बांग्लादेश में 'इंडिया आउट' मूवमेंट में हालिया चिंताजनक उछाल, मालदीव के इसी अभियान की याद दिलाता है, जिसने भारत के साथ संबंधों में तनाव पैदा कर दिया है।

बांग्लादेश में सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी बीएनपी ने बांग्लादेश में इसी तरह का मूवमेंट चलाया है, जो भारत से लिए गंभीर चिंताएं पैदा करता है, क्योंकि बांग्लादेश में पहले से ही एक हिस्सा मौजूद है, जो पाकिस्तान समर्थक है और बेगम खालिदा जिया की राजनीतिक जड़ें ऐतिहासिक भारत विरोध में ही गड़ी हैं।
बांग्लादेश में भी 'इंडिया ऑउट' कैम्पेन
मालदीव के हालिया 'इंडिया आउट' कैम्पेन, जिसे चीन ने भड़काया उसने भारत के लिए एक चिंताजनक मिसाल कायम की है। राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की भारत विरोधी भावना और मालदीव सरकार के मंत्रियों द्वारा भारतीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में की गई अपमानजनक टिप्पणियों ने राजनयिक संबंधों को तनावपूर्ण बना दिया है।
मालदीव में जो हो रहा है, बांग्लादेश की विपक्षी पार्टी उसपर गहरी नजर रख रही है और उसी के हिसाब से 'इंडिया ऑउट' कैम्पेन का बैकग्राउंड तैयार कर रही है।
बांग्लादेश में भारत विरोधी भावना को बढ़ावा देने वाले बीएनपी के ताजा कदम पर टिप्पणी करते हुए, ढाका स्थित अखबारों का कहना है, कि
"लंदन में बैठकर, सजायाफ्ता आतंकवादी और बीएनपी के कार्यकारी अध्यक्ष, तारिक रहमान ने बीएनपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मालदीव की तरह बांग्लादेश में भारत विरोधी आंदोलन शुरू करने और देश में हिंदू विरोधी और भारत विरोधी भावना को भड़काने का निर्देश दिया है।"
बांग्लादेशी अखबारों का कहना है, कि "तारिक रहमान के निर्देश पर बीएनपी की साइबर विंग के सदस्यों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए हिंदू विरोधी और भारत विरोधी नफरत फैलाना शुरू कर दिया है। बीएनपी कार्यकर्ता के ऐसे ही एक कुख्यात कृत्य की पहचान एक्स प्लेटफॉर्म पर की गई है, जहां अकाउंट लगातार हिंदू विरोधी और भारत विरोधी नफरत फैलाया जडा रहा है।"
आपको बता दें, कि तारिक रहमान, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के बेटे हैं, जिन्हें बांग्लादेशी कोर्ट ने आतंकवाद और बम धमाके का दोषी ठहराया है। हालांकि, वो देश से भागकर लंदन में रह रहा है।
बीएनपी कार्यकर्ताओं के ट्विटर अकाउंड पर भारत विरोधी टिप्पणियां काफी लिखी जा रही हैं।

बीएनपी कार्यकर्ताओं के भड़ाकाऊ ट्वीट्स
एक अकाउंट से लिखा गया है, कि "भारत कभी भी बांग्लादेश का मित्र नहीं रहा है। 1971 में भी नहीं, जब वे कीमती सामान लूटकर सीमा पार ले गए थे।" पोस्ट में आगे लिखा गया है, कि "जितनी जल्दी हो सके, भारतीय उत्पादों के बहिष्कार की घोषणा की जानी चाहिए।"
इसके अलावा, कई अकाउंट्स से इस तरह से हिंदू कारोबारियों और व्यापारिक घरानों और भारतीय प्रोडक्ट्स के खिलाफ आगजनी के लिए भी उकसाया जा रहा है।
वहीं, एक पोस्ट में, एक बीएनपी कार्यकर्ता ने लिखा है, "आप वहां जाएं - भारत की आलोचना या बहिष्कार करने वाले किसी भी व्यक्ति को जिहादी या इस्लामी चरमपंथी के रूप में टैग किया जाता है, जबकि भारत हिंदू चरमपंथियों के लिए हॉटस्पॉट है। सदियों से, भारत ने इस नीति को उपमहाद्वीप में अपने आलोचकों पर लागू किया है, और वर्तमान में, मालदीव भी इससे अलग नहीं है।"
भारत में धमाके करवाने की साजिश
रिपोर्ट के मुताबिक, बीएनपी नेता तारिक रहमान ने भारत विरोधी आग को भड़काने के लिए कथित तौर पर अपनी पार्टी के कई सदस्यों को अराकन रोहिंग्या साल्वेशन आर्मी (एआरएसए) के प्रमुख अताउल्लाह अबू अम्मार जूनुनी के साथ संपर्क स्थापित करने और उसे वित्तीय मदद देने का निर्देश दिया है, ताकि भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख प्रतिष्ठानों, मीडिया घरानों और कार्यालयों को निशाना बनाकर भारत के अंदर आतंकवादी हमले किए जा सके।
आपको बता दें, कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की स्थापना 1975 में शेख मुजीबुर रहमान की हत्या के बाद सैन्य शासक मेजर जनरल जियाउर रहमान ने 1978 में की थी। बेगम खालिदा जिया, जनरल जियाउर रहमान की पत्नी हैं और तारिक रहमान उनके बेटे हैं।
पाकिस्तान में प्रशिक्षित और भारत के प्रति गहरी शत्रुता रखते हुए, जनरल जिया का मकसद भारत विरोधी गतिविधियों को आगे बढ़ाना था। और बांग्लादेश में हिंदू विरोधी भावना, देश को छद्म पाकिस्तानी पहचान के साथ जोड़ रही है।
कई बांग्लादेशी पत्रकारों ने भी हालिया समय में कहा है, कि बांग्लादेश में युवाओं की एक फौज तैयार हो रही है, जिसे पता ही नहीं है, कि बांग्लादेश की स्वतंत्रता में भारत का क्या योगदान था और ये तत्व पाकिस्तान की तारीफें करते रहते हैं, जिसने लाखों बंगालियों की हत्या की।
जियाउर रहमान की खतरनाक सोच
जियाउर रहमान ने बांग्लादेश की आजादी के फौरन बाद सैन्य शासन की स्थापना की थी और देश में सैन्य शासन लागू कर दिया था।
पाकिस्तान सैन्य अकादमी में प्रशिक्षित जनरल जियाउर रहमान को भारतीय सेना के खिलाफ दूसरे कश्मीर युद्ध में उनकी भूमिका के लिए पाकिस्तान में सम्मानित किया गया था। भारत के कट्टर विरोधी के रूप में, उन्होंने बांग्लादेश की विदेश नीति को भारत और सोवियत गुट से दूर रखा, संयुक्त राज्य अमेरिका, पश्चिमी यूरोप और इस्लामी देशों के साथ संबंधों को मजबूत किया।
ज़िया ने इस्लामीकरण के एजेंडे को आगे बढ़ाया, मुस्लिम देशों के बीच इस्लामी एकजुटता पर जोर देने के लिए संविधान में संशोधन किया और इस्लामी धार्मिक शिक्षा को एक अनिवार्य विषय के रूप में पेश किया।
ज़ियाउर रहमान का मानना था, कि बांग्लादेश की आबादी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा पहचान के संकट से जूझ रहा था और उन्होंने पुन: इस्लामीकरण के माध्यम से इसे संबोधित करने की मांग की। उन्होंने संविधान में संशोधन किया, इस्लामी अभिवादन की शुरुआत की और सर्वशक्तिमान अल्लाह में विश्वास पर जोर दिया। एक अनिवार्य विषय के रूप में इस्लामी धार्मिक शिक्षा की शुरूआत ने ज़िया के इस्लामी राज्य नीति की ओर कदम को प्रतिबिंबित किया।
ज़ियाउर रहमान की नीतियों का बांग्लादेश की पहचान और विदेशी संबंधों पर स्थायी प्रभाव पड़ा। उनके प्रभाव में स्थापित बीएनपी ने भारत विरोधी भावनाओं को बरकरार रखा और सक्रिय रूप से हिंदू विरोधी कदमों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया।
पार्टी के हालिया 'इंडिया आउट' आंदोलन को इन्हीं गहरी भावनाओं की अभिव्यक्ति के रूप में देखा जा रहा है।

जनरल जियाउर रहमान की भारत से गहरी दुश्मनी
1978 में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की स्थापना और 1975 में शेख मुजीबुर रहमान की हत्या के बाद बांग्लादेश का कंट्रोल ज़ियाउर रहमान के हाथों में आ गया। उस समय के सैन्य शासक मेजर जनरल जियाउर रहमान को पाकिस्तान में प्रशिक्षित किया गया था और उनके मन में भारत को लेकर गहरी दुश्मनी थी।
बीएनपी की स्थापना में उनका लक्ष्य बांग्लादेश में भारत विरोधी और हिंदू विरोधी भावना को आगे बढ़ाना और देश को छद्म पाकिस्तानी पहचान के साथ जोड़ना था।
सैन्य शासक मेजर जनरल जियाउर्रहमान ने बांग्लादेश की विदेश नीति को फिर से तैयार करना शुरू किया, जो मानते थे कि बांग्लादेश, भारतीय आर्थिक और सैन्य सहायता पर अत्यधिक निर्भर है। वह संयुक्त राज्य अमेरिका, पश्चिमी यूरोप, अफ्रीका और मध्य पूर्व के साथ घनिष्ठ संबंध विकसित करते हुए, भारत और सोवियत गुट से दूर चले गए। जनरल ज़िया ने पाकिस्तान के साथ संबंधों को सामान्य बनाने की भी मांग की, जिसके खिलाफ बांग्लादेश ने अपनी आजादी की लड़ाई लड़ी थी।
बीएनपी द्वारा शुरू किए गए हालिया 'इंडिया आउट' कैम्पेन, बीएनपी पार्टी की नींव में धंसी हुई है। भारत विरोधी और हिंदू विरोधी विचारधाराओं की जड़ों के साथ, बीएनपी ने बांग्लादेश में इन भावनाओं को पोषित करने की दिशा में लगातार काम किया है। वर्तमान आंदोलन इन गहरी बैठी दुश्मनी को ही उजागर कर रहा है।
कितना कामयाब हो सकता है 'इंडिया ऑउट कैम्पेन'?
जिहादी मानसिकता और हिंदू विरोधी भावनाओं की ओर झुके लाखों बीएनपी समर्थकों द्वारा संचालित 'इंडिया आउट' आंदोलन पूरे क्षेत्र के लिए एक गंभीर सुरक्षा खतरा पैदा करता है। भारत विरोधी विचारधाराओं के साथ बीएनपी के ऐतिहासिक जुड़ाव और समर्थकों को संगठित करने की इसकी क्षमता पर ढाका और नई दिल्ली में प्रमुख नीति निर्माताओं को फौरन ध्यान देने की जरूरत है।
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी का 'इंडिया आउट' कैम्पेन, न केवल एक एक बड़ी घटना है, और बीएनपी, जो सालों से सत्ता से बाहर है, वो भारत के खिलाफ नफरत की आंधी में वापस सत्ता में आना चाहती है, क्योंकि मौजूदा शेख हसीना सरकार, जिन्होंने इसी सात जनवरी को भारी बहुमत से चुनाव जीता है, वो भारत समर्थक हैं।
एक्सपर्ट्स का मानना है, कि बीएनपी मालदीव में चले भारत विरोधी कैम्पेन को बांग्लादेश में दोहराना चाहती है, लिहाजा इसके संभावित परिणामों को कम नहीं आंकना चाहिए। ऐतिहासिक शत्रुता और वैचारिक आधार से प्रेरित यह आंदोलन क्षेत्र में तनाव बढ़ा सकता है और राजनयिक संबंधों को खतरे में डाल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications