बांग्लादेश में हिंसा की घटनाओं को विदेश मंत्री ने बताया प्रोपेगेंडा, बोले- सिर्फ 6 लोगों की मौत
ढाका, 29 अक्टूबर। बांग्लादेश में पिछले कुछ दिनों से जिस तरह से हिंसा की खबरें सामने आई हैं उसपर बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने बयान जारी करके सफाई दी है। बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉक्टर एके अब्दुल मोमीन ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से जो प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा है उससे इतर हाल की हिंसा में सिर्फ 6 लोगों की मौत हुई है जिसमे 4 मुसलमानों की एनकाउंटर में मौत हुई है जबकि 2 हिंदुओं की मौत हुई। दो हिंदू में से एक की सामान्य मौत हुई है, जबकि दूसरे की मृत्यु तालाब में कूदने से हुई है।

बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने कहा कि देवी और देवताओं की मूर्ति को तोड़ा गया है, हिंसा की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं, ऐसा नहीं होना चाहिए था, सरकार ने तत्काल कदम उठाए हैं। हिंसा करने वालों को गिरफ्तार किया गया है, वो पुलिस हिरासत में हैं। तकरीबन 20 घरों में तोड़फोड़ की गई है, उन्हें फिर से बना दिया गया है, हर किसी को मुआवजा दिया गया है, और लोगों की भी मुआवजा दिया जाएगा। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ अतिउत्साही मीडिया हाउस और लोगों ने गलत खबरें प्रसारित की, ऐसा सरकार को बदनाम करने के लिए किया गया जो लगातार धार्मिक सद्भावना को बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
विदेश मंत्री ने यह भी साफ किया कि हाल के सालों में पूजा मंडपों में काफी बढ़ोतरी हुई है, बांग्लादेश के हर हिस्से में पंडाल की संख्या बढ़ी है, हर घर में पूजा मंडल लगते हैं। सरकार खुद पूजा मंडप के लिए पैसे देती है। एक नशेड़ी व्यक्ति ने पाक कुरान की प्रति को एक देवी के पैर के पास जला दिया, लेकिन उस वक्त वहां पर कोई भी पूजा करने वाला वहां नहीं था और ना ही कोई आयोजक वहां था। एक अन्य व्यक्ति ने इसकी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर लोगों को भड़काने के लिए डाल दिया। सरकार पूरी तरह से लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।












Click it and Unblock the Notifications