इमरान खान का आरोप सही निकला, चुनाव में जमकर हई धांधली! वायरल वीडियो में नेता ने किया खुलासा
पाकिस्तान में 8 फरवरी को हुए आम चुनाव के बाद से इमरान खान की पार्टी पीटीआई कार्यवाहक सरकार और चुनाव आयोग पर धांधली के आरोप लगा रही है। अब एक बार फिर से कुछ ऐसे सबूत मिले हैं जिससे चुनाव में हुए धांधली के आरोपों को बल मिलता दिखाई दे रहा है।
सोशल मीडिया पर मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (एमक्यूएम-पी) के प्रमुख नेताओं से जुड़ी कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है। इसमें दावा किया गया है कि पाकिस्तान के चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और जनादेश की चोरी हुई।

पाकिस्तानी की राजनीतिक पार्टी मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (एमक्यूएम-पी) के नेता और सिंध गवर्नर कामरान तेसोरी वायरल हो रहे ऑडियो में कहते हैं कि यह चुनाव परिणाम 100 फीसदी नकली है।
दरअसल तेसोरी फोन पर किसी से बात कर रहे थे। वायरल ऑडियो में तेसोरी कहते हैं कि 'आज हमें वोट नहीं मिले। अगर एमक्यूएम-पी ने शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में शामिल होने का फैसला किया तो पार्टी के हालात बहुत बुरे होंगे। हमें एक मंत्री पद मिल रहा है और गवर्नर पद भी छीन लेने की बात कही जा रही है।'
गवर्नर को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि 2018 के चुनावों में एमक्यूएम-पी ने कराची में सात नेशनल असेंबली सीटें हासिल कीं थी। तब हमें मतदाताओं का समर्थन हासिल हुआ था। अब हम जनता का विश्वास खो चुके हैं।
इस ऑडियो के अलावा एमक्यूएम-पी के ही वरिष्ठ नेता मुस्तफा कमाल का भी एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे कह रहे हैं कि उनकी पार्टी के विरोधी दावा कर रहे हैं कि उनका जनादेश फर्जी है। एमक्यूएम-पी को नेशनल असेंबली में 17 सीटें मिली हैं। पीटीआई का दावा है कि एमक्यूएम-पी के उम्मीदवारों को चुनाव में तीसरा स्थान भी नहीं मिला था।
पीटीआई समर्थित उम्मीदवारों को 92 नेशनल असेंबली सीटों पर जीत मिली है। वहीं नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन को नेशनल असेंबली में 75 और पीपीपी को 54 सीटें मिली हैं। पीटीआई का दावा है कि अगर चुनाव में धांधली न हुई होती तो उन्हें नेशनल असेंबली में 180 और प्रांतीय असेंबली में 220 सीटें मिलतीं।
पाकिस्तान में पीएमएल-एन, पीपीपी, एमक्यूएम-पी समेत कई निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ मिलकर गठबंधन सरकार बनाने का ऐलान किया है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के संसदीय दल ने बुधवार को शहबाज शरीफ को प्रधानमंत्री पद और गठबंधन सरकार का नेतृत्व करने के लिए औपचारिक रूप से नामित किया। पीएमएल-एन ने नेशनल असेंबली के अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ नेता सरदार अयाज सादिक को भी नामित किया है।












Click it and Unblock the Notifications