Attack on Donald Trump: ट्रंप पर चली गोली, अमेरिकी सीक्रेट सर्विस हमलावर को किया ढेर
Attack on Donald Trump: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पेनसिल्वेनिया में हमला हुआ है। यह हमला चुनावी रैली के दौरान हुआ जब ट्रंप लोगों को संबोधित कर रहे थे। जानकारी के अनुसार रैली में हुई गोलीबारी में एक बंदूकधारी और एक दर्शक की मौत हो गई है। जबकि एक अन्य दर्शक की हालत गंभीर है।
इस हमले में डोनाल्ड ट्रंप भी घायल हुए हैं, उनके कान के पास गोली लगी है। घटना के बाद जो वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं उसमे देखा जा सकता है कि डोनाल्ड ट्रंप के कान से खून निकल रहा है। हमले के बाद ट्रूथ सोशल पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें गोली लगी है, गोली उनके दाएं कान के हिस्से को चीरते हुए निकल गई।

हमले के बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने इस बात की पुष्टि की है कि रैली के दौरान उनके अधिकारियों ने ट्रंप पर गोली चलाने वाले हमलावर को मार दिया है। इस दौरान एक और व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दो लोग इस दौरान गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने पुष्टि की है कि डोनाल्ड ट्रंप ठीक हैं। अधिकारियों ने हमलावर को गोली मार दी। गौर करने वाली बात है कि 1981 में रोनाल्ड रीगन की हत्या के बाद से यह किसी राष्ट्रपति या राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर पहली बार हत्या का प्रयास किया गया है। यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से ठीक चार महीने पहले हुआ था।
रिपोर्ट्स से पता चलता है कि शूटर रैली में शामिल नहीं था और उसे सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने मार गिराया। राष्ट्रपति और प्रमुख पार्टी के उम्मीदवारों के साथ भारी हथियारों से लैस सामरिक टीम किसी भी सक्रिय खतरे का सामना करने के लिए मौजूद थी।
भाषण के दौरान जब पहली गोली चली तो डोनाल्ड ट्रंप के मुंह से ओह की आवाज आई। उन्होंने अपना हाथ दाहिने कान पर रख लिया। इसके बाद दो और गोलियां चलीं और अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद सीक्रेट सर्विस की टीम ट्रंप को रैली से निकालकर कार तक ले गई।
कार में बैठने से पहले ट्रंप भीड़ की ओर मुड़े और मुट्ठी बांधकर लोगों की ओर अपना हाथ उठाया, वह संदेश देना चाहते थे कि इस हमले से वह डरे नहीं है। जिस तरह से सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई की उसके लिए ट्रंप ने उनका धन्यवाद दिया है।












Click it and Unblock the Notifications