अमेरिका: Zoom पर वीडियो कांफ्रेंस कर रहा था पिता, बेटे ने 20 लोगों के सामने कर दी हत्या
नई दिल्ली- अमेरिका के न्यूयॉर्क में लॉन्ग आइलैंड की पुलिस ने एक बेटे को कथित तौर पर अपने पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। 72 साल के ड्वाइट पॉवर्स की हत्या तब हुई जब वह जूम पर करीब 20 लोगों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस पर थे। पुलिस का कहना है कि जिस 33 साल के शख्स ने बुजुर्ग की छुरा घोंपकर हत्या की है, वह उसी का बेटा है।

सुफ्फॉक काउंटी पुलिस के मुताबिक जब वीडियो कांफ्रेंस के दौरान लोगों ने बुजुर्ग को गिरते हुए देखा तो चिंतित हो गए। तभी उनकी नजर स्क्रीन पर उस शख्स पर पड़ी जो बिना कपड़े के था। चश्मदीद ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि 'हमला करने वाला शख्स गंजा था और उसने कपड़े भी नहीं पहन रखे थे और उसकी बांयी बांह पर टैटू भी बने हुए थे।' वीडियो कांफ्रेंस में शामिल एक व्यक्ति ने पुलिस को इस हत्याकांड की सूचना दी,लेकिन उसे पता नहीं था कि पीड़ित कहां पर थे। बाद में दूसरे सहभागी ने कुछ देर बाद उसका पूरा नाम और पता खोज निकाला।
लेकिन, जब तक यह सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची आरोपी खिड़की से कूदकर भा गया। हालांकि, बाद में पुलिस ने घटनास्थल से करीब एक मील की दूरी पर उसे पकड़ लिया। बाद में उसकी पहचान थॉमस स्कली पॉवर्स के रूप में हुई। उसके खिलाफ सेकंड डिग्री मर्डर का मुकदमा दर्ज हुआ है और खिड़की से कूदने की वजह से उसे जो चोट लगी है, उसके लिए पुलिस उसका इलाज भी कराया है।
बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से दुनिया भर में लोग जूम ऐप का बहुत ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं और उसी की वजह से इस मामले में पुलिस कातिल तक तुरंत पहुंच पाई है। हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि उस नौजवान ने अपने पिता की इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की। गौरतलब है कि इस समय अमेरिका कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है और वहां इससे संक्रमित होने वालों की संख्या 16 लाख को पार कर चुकी है और मौत का आंकड़ा भी एक लाख के करीब पहुंच चुका है।












Click it and Unblock the Notifications