पाकिस्तान की जेल से वीडियो जारी करके बोला ग्लोबल आतंकी अब्दुल रहमान मक्की, मैं कभी भी लादेन से नहीं मिला
पाकिस्तान की जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान मक्की ने वीडियो जारी करके कहा कि मेरा अल कायदा से कोई संबंध नहीं है। मैं कभी भी ओसामा बिन लादेन से नहीं मिला।

यूएनएससी द्वारा आतंकवादी अब्दुल रहमान मक्की को ग्लोबल आतंकी घोषित किया गया है। ग्लोबल आतंकी घोषित किए जाने के बाद पाकिस्तान की जेल में बंद मक्की ने वीडियो जारी करके अल कायदा के साथ उसका किसी भी तरह का कोई लिंक होने से इनकार किया है। मक्की पाकिस्तान के लाहौर स्थित कोट लखपत जेल में बंद है, यहां से उसने वीडियो जारी करके अल कायदा के साथ अपना किसी भी तरह का लिंक होने से इनकार किया है। मक्की ने कहा कि मुझे ग्लोबल आतंकी घोषित करने का आधार भारत द्वारा दी गई गलत जानकारी है। मैं कभी भी ओसामा बिन लादेन से नहीं मिला, आयमान अल जवाहरी या अब्दुल्ला आजम से कभी नहीं मिला, जैसा कि कुछ फर्जी रिपोर्ट दावा करती हैं।
मक्की ने कहा कि यूएनएससी ने फैसला लेते वक्त तय प्रक्रिया का पालन नहीं किया, कोई भी जानकारी इस लिस्टिंग को लेकर साझा नहीं की गई। बता दें कि भारत लगातार पाकिस्तान के आतंकियों को यूएनएससी की ग्लोबल आतंकियों की लिस्ट में शामिल करने की मांग करता आ रहा है। मक्की को ग्लोबल आतंकी घोषित किए जाने के प्रस्ताव का चीन विरोध करता आ रहा था, लेकिन इस बार आखिरकार यूएनएससी ने मक्की को ग्लोबल आतंकी घोषित कर दिया। गौर करने वाली बात है कि मक्की के खिलाफ अमेरिका ने बड़े ईनाम का पहले से ही ऐलान कर रखा है।
कुल पांच पाकिस्तानी आतंकियों के नाम यूएनएससी में आगे बढ़ाए गए थे, जिन्हें ग्लोबल आतंकी घोषित किए जाने की मांग की गई थी, जिसमे अब्दुल रहमान मक्की, अब्दुल रउफ असगर, साजिद मीर, शाहिद महमूद, तल्हा सईद का नाम शामिल है। मक्की के नाम का प्रस्ताव 1 जून 2022 को रखा गया था, जिसे भारत और अमेरिकी की ओर से आगे बढ़ाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications