अमेरिका जाने के लिए कुछ भी करेंगे: एक साल में 97,000 भारतीय अवैध रूप से घुसने के आरोप में गिरफ्तार
अमेरिका में अवैध रूप से घुसने वाले लगभग 97 हजार भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है। ये आंकड़ा अक्टूबर 2022 से सितंबर 2023 तक के बीच का है। अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा के आंकड़े के मुताबिक इस एक साल में 96,917 भारतीयों को गिरफ्तार किया गया।
अवैध रूप से अमेरिकी सीमा पार करते समय पकड़े गए भारतीयों की संख्या में कथित तौर पर पिछले वर्षों में पांच गुना वृद्धि देखी गई है। 2019-20 में 19,883 भारतीयों को पकड़ा गया था। आंकड़ों के मुताबिक 2020-21 में 30,662 भारतीयों को गिरफ्तार किया गया जबकि 2021-22 में यह संख्या 63,927 थी।

अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा के आंकड़े के मुताबिक, इस साल गिरफ्तार किए गए 96,917 भारतीयों में से 30,010 भारतीय US-कनाडा बॉर्डर पर पकड़े गए। जबकि 41,770 भारतीय अमेरिका-मेक्सिको बॉर्डर पार करते समय गिरफ्तार हुए।
गिरफ्तार किए गए लोगों को चार श्रेणियों के तहत वर्गीकृत किया गया है - साथ में रहने वाले नाबालिग (एएम), एक परिवार इकाई में व्यक्ति (एफएमयूए), सिंगल एडल्ट और अकेले बच्चे (यूसी)।
इसमें सिंगल एडल्ट सबसे बड़ी श्रेणी बनाते हैं। वित्तीय वर्ष 2023 में 84,000 भारतीय वयस्क अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुए। गिरफ्तार किए गए लोगों में 730 अकेले नाबालिग भी शामिल थे।
अमेरिकी सांसद जेम्स लैंकफोर्ड ने संसद में कहा कि इस वित्तीय वर्ष में लगभग 45,000 भारतीय अवैध रूप से अमेरिका की दक्षिणी सीमा पार कर चुके हैं। इन भारतीयों को अपने देश में डर महसूस होता है।
लैंकफोर्ड ने कहा, इस साल अब तक भारत से 45,000 लोग आए हैं जो हमारी दक्षिणी सीमा पार कर चुके हैं, कार्टेल का भुगतान कर चुके हैं, हमारे देश में घुस आए हैं और कहा है कि उन्हें अपने देश में भारत से डर लगता है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, भारत में राजनीतिक और धार्मिक उत्पीड़न के कारण अमेरिका आने वाले भारतीयों की संख्या बढ़ी है। भारत में आर्थिक अवसरों यानी नौकरी की कमी भी एक बड़ी वजह है। थिंक टैंक न्यू अमेरिकन इकोनॉमी के मुताबिक, अमेरिका में अवैध रूप से घुसने में भारतीय तीसरे नंबर पर हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2012 से 2022 के बीच मेक्सिको के जरिए अमेरिका में घुसने वाले भारतीयों की संख्या में 100 गुना बढ़ोतरी हुई है। साल 2012 में अमेरिका की कस्टम और बॉर्डर पेट्रोल पुलिस ने 642 ऐसे मामले दर्ज किए थे।












Click it and Unblock the Notifications